Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में आज सुबह-सुबह बड़ा धमाका हो गया। गहलोत सरकार में कद्दावर मंत्री रहे महेश जोशी को एसीबी (ACB) की टीम ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई करोड़ों के जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले को लेकर की गई है। जैसे ही टीम उन्हें लेकर निकली, राजधानी जयपुर के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया।

शादी की सालगिरह पर हुई गिरफ्तारी, झलका दर्द

जब एसीबी की टीम महेश जोशी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी, तब उन्होंने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। जोशी भावुक नजर आए और उन्होंने कहा, आज मेरी शादी की सालगिरह है। सरकार ने मुझे अरेस्ट करके मेरी दिवंगत पत्नी को श्रद्धांजलि दी है। बता दें कि पिछले महीने ही उनकी पत्नी कोशल देवी का निधन हुआ था। जोशी ने साफ कहा कि अन्याय बहुत दिनों तक नहीं टिकता और वे खुद को निर्दोष साबित करके रहेंगे।

जिन पर मैंने कार्रवाई की, उन्हीं के बयान पर मुझे फंसाया

पूर्व मंत्री ने वर्तमान सरकार और जांच एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जोशी ने मीडिया से कहा कि मंत्री रहते हुए उन्होंने जिन भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों पर नकेल कसी थी, आज उन्हीं के बयानों को आधार बनाकर उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एसीबी की तरफ से पहले कोई नोटिस भी नहीं दिया गया और यह पूरी कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।

979 करोड़ का घोटाला और दोबारा जेल की दहलीज

जल जीवन मिशन में हुए करीब 979.45 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले ने राजस्थान की सियासत को गरमा दिया है। ईडी के केस में करीब 7 महीने जेल काटने के बाद महेश जोशी को पिछले साल दिसंबर में ही सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। एसीबी ने एफआईआर दर्ज करने के करीब 6 महीने बाद यह बड़ी गिरफ्तारी की है। जोशी ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं, लेकिन फिलहाल इस गिरफ्तारी से वे और उनका परिवार गहरे सदमे में है।

अब देखना होगा कि कोर्ट से उन्हें कितनी जल्दी राहत मिलती है या फिर इस बार उनकी मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। प्रशासन ने कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

पढ़ें ये खबरें