पटना/बिहटा: राजधानी के ग्रामीण इलाकों में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे मंदिरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला बिहटा थाना क्षेत्र के देवकुली गांव का है, जहां एनएच-30 (NH-30) के किनारे स्थित एक अत्यंत प्राचीन देवी मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर न केवल माता की कीमती सोने की नथिया ले उड़े, बल्कि मंदिर परिसर में जमकर तोड़फोड़ भी की।
सुबह खुला मिला मंदिर का द्वार, अस्त-व्यस्त थी प्रतिमा
वारदात का खुलासा शुक्रवार की सुबह हुआ जब मंदिर के पुजारी और प्रबंध समिति के सदस्य नित्य पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के मुख्य द्वार का ताला कटा देख सबके होश उड़ गए। अंदर प्रवेश करने पर देखा गया कि माता की प्रतिमा का मुकुट अस्त-व्यस्त पड़ा था और उनके चेहरे से सोने की नथिया गायब थी। मंदिर के अन्य सामानों को भी चोरों ने नुकसान पहुंचाया था।
50 हजार से अधिक के आभूषणों पर हाथ साफ
मंदिर कमेटी के सक्रिय सदस्य विनय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी गई नथिया की बाजार में कीमत 50 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि चोरों ने सिर्फ इसी मंदिर को नहीं, बल्कि पास के एक अन्य मंदिर को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। वहां भी ताले काटे गए थे, लेकिन सौभाग्यवश कोई कीमती वस्तु हाथ न लगने के कारण चोर वहां सफल नहीं हो सके।
पुलिस गश्त पर सवाल: NH-30 पर सुरक्षा नदारद?
स्थानीय ग्रामीणों और कमेटी सदस्यों के अनुसार, यह वारदात रात 1:00 बजे से सुबह 4:00 बजे के बीच अंजाम दी गई है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे के किनारे स्थित होने के बावजूद पुलिस की गश्त न के बराबर है, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस और CCTV की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की है। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का जांच कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

