मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों सहित लाखों लाभार्थियों के खातों में सीधे वित्तीय सहायता राशि जारी की।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने चंडीगढ़ में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के खातों में करोड़ों रुपये की सहायता राशि जारी की। सरकार ने इसे गरीब और जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना की सातवीं किस्त जारी करते हुए 9.76 लाख महिलाओं के खातों में 205 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी भी मौजूद रहीं।

इसके अलावा राज्य सरकार ने 18 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35.62 लाख लाभार्थियों को 1146.73 करोड़ रुपये जारी किए। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

शिक्षा क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 64,923 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में 100.45 करोड़ रुपये वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दी जाएगी और मेधावी विद्यार्थियों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

दयालु योजना के तहत भी सरकार ने 5,677 परिवारों के खातों में 215.29 करोड़ रुपये की राशि भेजी। यह योजना संकट की स्थिति में गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है।

वहीं उज्ज्वला और गैस सहायता से जुड़ी योजना के तहत 11.23 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर सब्सिडी के रूप में 38.54 करोड़ रुपये जारी किए गए। सरकार का दावा है कि इससे घरेलू महिलाओं को महंगाई से राहत मिलेगी और रसोई का खर्च कम होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी व्यवस्था के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि पहुंचा रही है ताकि पात्र लोगों को बिना किसी बिचौलिए के लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।