कृष्ण कुमार सैनी, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने बीजेपी, RSS, चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी “वोट चोरी” करके सरकारें बना रही है और देश में केवल कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो भाजपा का मुकाबला कर सकती है। उनके भाषण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और कई बार नारेबाजी से पूरा पंडाल गूंज उठा।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को “बब्बर शेर” बताते हुए कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “जिस दिन कांग्रेस बीजेपी को हराएगी, फिर देखिए बीजेपी नेताओं पर कैसी कार्रवाई होती है।” राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता संघर्ष करने वाला कार्यकर्ता है और पार्टी विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है। सभा के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव जीतने के लिए “चुनाव चोरी” का सिस्टम तैयार कर लिया है।

राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग और ब्यूरोक्रेसी पर भाजपा का प्रभाव बढ़ चुका है और उसी के जरिए चुनावी फायदा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब जनता धीरे-धीरे इस पूरे सिस्टम को समझने लगी है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार अमेरिका के सामने “नतमस्तक” है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के कहने पर फैसले लिए जा रहे हैं और भारतीयों का डेटा तक अमेरिका को ट्रांसफर किया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से देश की इंडस्ट्री और छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं।अपने भाषण में राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता Brijendra Singh की पदयात्रा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतनी लंबी यात्रा करना आसान काम नहीं है और देश में पदयात्राओं का विशेष महत्व होता है। राहुल गांधी ने कांग्रेस के युवाओं को भी अलग-अलग राज्यों में पदयात्राएं करने की सलाह दी ताकि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सोच को समझ सकें।

राहुल गांधी ने RSS पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में इस समय दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा, “एक RSS की विचारधारा है जो नफरत और बंटवारा फैलाती है, जबकि दूसरी कांग्रेस की विचारधारा है जो मोहब्बत और एकता की बात करती है।” राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस देश को जोड़ने का काम कर रही है जबकि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।गुरुग्राम की इस सभा को हरियाणा में कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। राहुल गांधी के आक्रामक भाषण के बाद अब राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है और बीजेपी की प्रतिक्रिया पर भी नजरें टिक गई हैं।