Rajasthan News: राजस्थान के कद्दावर मंत्री मदन दिलावर आज सुबह-सुबह पूरे फॉर्म में नजर आए। शनिवार की सुबह जब लोग सोकर उठ ही रहे थे, मंत्री जी केशवरायपाटन के चडी पंचायत में औचक निरीक्षण करने जा धमके। वहां का नजारा देखकर मंत्री जी का पारा ऐसा चढ़ा कि उन्होंने ऑन द स्पॉट ही अधिकारियों की क्लास लगा दी। गांव की गलियों में फैले कचरे के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था ने मंत्री को बुरी तरह नाराज कर दिया।

बाकी तीन दिन क्या गड्ढे खोदने जाते हो?

मंत्री दिलावर ने जब गांव की हालत देखी, तो उन्होंने तुरंत पंचायत सचिव (ग्राम विकास अधिकारी) को फोन घुमाया। मंत्री ने सीधे पूछा, कितने दिन में गांव आते हो? तुम्हें पता भी है कि तुम ग्राम विकास अधिकारी हो? जब अधिकारी ने बहाना बनाया कि उसके पास दो पंचायतों का चार्ज है और वो दो-दो दिन दोनों जगह जाता है, तो मंत्री जी और भड़क गए। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, दो दिन यहां, दो दिन वहां, फिर बाकी तीन दिन क्या गड्ढे खोदने जाते हो?

सफाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति

मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने साफ कहा कि सफाई अभियान सिर्फ कागजों पर चल रहा है, जमीन पर तो सिर्फ बदबू और कचरा है। दिलावर ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर अधिकारी गांवों में आते, तो जनता को इस नरक में नहीं रहना पड़ता। लापरवाही इतनी ज्यादा थी कि मंत्री ने तुरंत आदेश दिया कि जो सफाई ठेकेदार काम चोरी कर रहा है, उसकी फर्म को ब्लैकलिस्ट करो। जनता के पैसे की बर्बादी अब बर्दाश्त नहीं होगी।

2 हजार की आबादी और स्कूल में सिर्फ 6 बच्चे!

सफाई के बाद जब मंत्री मदन दिलावर सरकारी स्कूल पहुंचे, तो वहां का हाल और भी बुरा था। चडी पंचायत की करीब 2000 की आबादी वाले गांव के स्कूल में सिर्फ 6 बच्चों का नाम लिखा मिला। यह देखकर मंत्री सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी को फोन लगाया और नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में आलीशान बिल्डिंग और सुविधाएं दे रही है, फिर भी बच्चे नहीं आ रहे, यह शर्मनाक है। उन्होंने अधिकारियों को घर-घर जाकर नामांकन बढ़ाने का जिम्मा सौंपा।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ भाजपा के कई स्थानीय नेता और विभाग के बड़े इंजीनियर भी मौजूद थे। मंत्री के इस एक्शन से पूरे इलाके के सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।

पढ़ें ये खबरें