IPL 2026: आईपीएल के 19वें सीजन में खिलाड़ियों द्वारा लगातार प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामलों ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है। वेपिंग यानी ई-सिगरेट को लेकर सामने आए वीडियो के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि यदि देश में वेपिंग बैन है और खिलाड़ियों ने नियमों का उल्लंघन किया है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

दरअसल, हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पंजाब किंग्स के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का भी फ्लाइट के अंदर कथित रूप से वेपिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। हालांकि चहल के वीडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही BCCI या किसी एजेंसी ने इसे लेकर कोई बयान जारी किया है।

बताया जा रहा है कि चहल का वायरल वीडियो अर्शदीप सिंह के पॉडकास्ट से जुड़ी एक क्लिप का हिस्सा है। ऐसे में वीडियो के असली या एडिटेड होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

इसी पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि अगर देश में वेपिंग प्रतिबंधित है और खिलाड़ियों ने ऐसा किया है, तो उन्हें जेल में होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कानून बनाने का क्या फायदा, अगर उसे लागू ही नहीं किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में सिर्फ 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना बेहद छोटी सजा है। अगर कोई आम नागरिक ऐसा करता, तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती?

गौरतलब है कि खिलाड़ियों द्वारा लगातार प्रोटोकॉल उल्लंघन की घटनाओं के बाद BCCI ने सभी IPL फ्रेंचाइजियों को 8 पन्नों की नई गाइडलाइन जारी की है। इस गाइडलाइन में ई-सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

BCCI ने साफ कहा है कि टीम ड्रेसिंग रूम, प्रैक्टिस एरिया और टीम होटल में ई-सिगरेट समेत सभी प्रतिबंधित पदार्थ पूरी तरह बैन रहेंगे। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वेपिंग विवाद के बाद अब सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कई लोग खिलाड़ियों की जिम्मेदारी और युवा फैंस पर उसके असर को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H