राजकुमार पाण्डेय की कलम से
आप की टोपी ने कराई कांग्रेस की फजीहत
किसानों के मामलों को लेकर आगर-मुंबई हाइवे पर कांग्रेस सड़क पर उतरी तो एक अलग ही अंदाज का आंदोलन नजर आया. हाइवे पर हुए इस आंदोलन को लेकर मिनी मुंबई कहे जाने वाले शहर में किरकिरी हो गई. कारण रहा पोस्टर में जो चेहरे दिखाई दिए, उनसे अधिक टोपी लाइलाइट हो रही थी. पोस्टर में लोगों ने सफेद रंग की0 गांधी टोपी पहन रखी थी और उस पर झाड़ू का निशान बना हुआ था. टोपी हूबहू आम आदमी पार्टी की नजर आ रही थी. जिम्मेदारों तक यह बात पहंुची तब तक चर्चा छिड़ चुकी थी कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का सहारा लेना पड़ रहा है. मौका लपकते ही बीजेपी ने भी इस पोस्टर को जमकर वायरल किया और करवाया.
खुद आए कांग्रेस से और बीजेपी विधायक को कांग्रेसी समझ बैठे
सिंधिया खेमे के खासमखास माने जाने वाले मंत्री के साथ ऐसा वाक्या हो गया कि अब बीजेपी कार्यकर्ता बातों-बातों में मंत्रीजी के मजे लेने से नहीं चूक रहे हैं. जहां 4-6 खाटी कार्यकर्ता जुट जाएं वहीं चर्चा शुरू हो जाती है कि खुद को कांग्रेस से बीजेपी में आए हैं और बीजेपी विधायक को ही कांग्रेसी समझ रहे हैं. इंदौर से लेकर भोपाल तक इस तरह की चर्चा जारी हे. दरअसल मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय पर एक महिला का यौन शोषण करने का आरोप लगाया था. इस पर मालवीय ने रीना बौरासी को 10 करोड़ की मानहानि का नोटिस भेजा है. इसे लेकर मीडिया ने मंत्रीजी से सवाल पूछा तो मंत्रीजी का जवाब था कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है. मुझसे क्यों पूछ रहे हो. वहां मौजूद बीजेपी नेताओं ने बीच में टोका और याद दिलाया कि मालवीय बीजेपी के ही विधायक हैं.
ये भी पढ़ें: पॉवर गॉसिप: मैडम को सचिव पद का रौब…विधायकजी को मंत्री दर्जा नहीं मिलने का मलाल…दिग्विजय-जीतू की जंग, कई के चेहरों पर खिली उमंग…आंच इंजीनियरिंग इन चीफ तक
मंत्री दर्जा मिला तो पूर्व सांसद ने किया शक्ति प्रदर्शन
मध्य प्रदेश राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष पद पर
गुना के पूर्व सांसद केपी यादव की ताजपोशी हुई है. नियुक्ति होने के बाद पदभार ग्रहण की बारी आई तो केपी यादव के शक्ति प्रदर्शन की तस्वीरें अशोकनगर से लेकर भोपाल तक वायरल हुईं. कुर्सी पर बैठने के लिए यादव करीब 500 गाड़ियों के काफिले के साथ अशोकनगर से निकले. रास्तेभर यह काफिला चर्चा का विषय बना रहा. इस दौरान रास्ते में भव्य स्वागत भी हुआ. केपी भैया पहले भाजपा कार्यालय फिर सीएम हाउस पहुंचे और इसके बाद औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. अब पूरे प्रदेश में नेताजी के पॉवर की चर्चा हो रही है. आपको बता दें केपी यादव वही नेता हैं जो कभी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सेल्फी लेते नजर आए थे और फिर उन्हीं को चुनाव में हराकर अचानक से बड़े चेहरे के रूप में उभरे थे.
ये भी पढ़ें: पॉवर गॉसिप : विचार परिवार वाले एक और आईएएस की तलाश… थाना प्रभारी के लिए एड़ी-चोटी का जोर… चर्चा माली हालत की पार्टी फाइव स्टार में… फाइव स्टार होटल में कांग्रेस की ‘सीक्रेट’ मीटिंग
कलेक्टर की सलाह, मंत्री करें फेसटाइम का इस्तेमाल
जिले की कमान मिलने के बाद कलेक्टर साहब ने मंत्रीजी को कॉल किया. कॉल आईफोन टू आईफोन के जरिए ही हुआ था. मंत्रीजी ने ज्वाइनिंग की शुभकामनाएं देते हुए जवाब दिया कि आज भोपाल में हूं. कल वापस पहुंचता हूं तो बंगले पर आ जाना. इस बीच हल्की-फुल्की बातचीत ही हुई थी कि कलेक्टर साहब ने सजेशन दिया कि फेसटाइम पर बात किया करेंगे. मंत्रीजी का रिप्लाय था कि वो फेसटाइम का उपयोग बहुत ही कम करते हैं. कलेक्टर साहब ने फिर तर्क दिया कि फेसटाइम ही सबसे सेफ है और आगे से वो फेसटाइम पर ही कॉल किया करेंगे. मंत्रीजी मनाही करते रहे और कलेक्टर साहब फेसटाइम पर जोर देते रहे. इस बीच जिले में पहंुचने पर मुलाकात की सहमति बनी और फोन डिस्कनेक्ट हो गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

