कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब खाकी वर्दी वाले भी सुरक्षित नहीं हैं। जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने बीएमपी-6 (BMP-6) में तैनात एक महिला कांस्टेबल को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर महिला पुलिसकर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन लूट ली और विरोध करने पर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

​सब्जी खरीदकर स्कूटी से लौट रही थीं कांस्टेबल

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएमपी-6 में तैनात महिला कांस्टेबल नेहा कुमारी शुक्रवार देर शाम अपनी स्कूटी से सब्जी खरीदकर वापस घर लौट रही थीं। जब वह न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी स्थित बीएमपी-6 मेन रोड के पास एक गली में मुड़ीं, तभी घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी राह रोक ली।

​पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

​पीड़िता के अनुसार, काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो शातिर अपराधियों ने तेजी से आकर उनकी स्कूटी के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी और रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली और उनकी कनपटी पर तान दी। इसके बाद अपराधियों ने उनके गले से लगभग एक भर वजनी और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बलपूर्वक छीन ली।

​विरोध करने पर की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

​घटना के दौरान महिला कांस्टेबल नेहा ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। लेकिन अपराधी अपनी जान बचाने और मौके पर दहशत फैलाने के लिए भागते समय एक राउंड फायरिंग करते हुए तेजी से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज और घटना से आसपास के इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने भी तेज रफ्तार बाइक पर सवार बदमाशों के भागने और फायरिंग किए जाने की पुष्टि की है।

​पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, छानबीन जारी

​एक पुलिसकर्मी के साथ हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। नगर एसडीपीओ-1 डॉ. सुरेश कुमार तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
​घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर डायल 112 की मोबाइल पुलिस टीम भी पहुंच गई। इसके बाद पीड़िता नेहा कुमारी रात्रि करीब 10:00 बजे मिठनपुरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए रवाना हुईं। चूंकि घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेला रोड स्थित आरकेपुरम गली के मुहाने पर हुई है, इसलिए मिठनपुरा और बेला थाना पुलिस संयुक्त रूप से सक्रिय हो गई है। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।