कैथल। जिले के गांव बाकल के पास तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे की टांग टूट गई। उसके हाथों और माथे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। चाचा को भी चोट लगी है। शिकायत के आधार पर पूंडरी थाना पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रास्ते में भतीजे से हुई मुलाकात

करनाल जिले के गांव चोचड़ा निवासी रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है। वह किसी काम से कैथल के गांव बाकल जा रहा था। रास्ते में उसका भतीजा शिव कुमार स्कूटी पर मिला। इसके बाद दोनों साथ में बाकल की ओर चल पड़े।

गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

रामनिवास के मुताबिक, जैसे ही वे बाकल गांव के पास पहुंचे, सामने से एक बाइक सवार तेज रफ्तार में आया। बाइक सवार ने शिव कुमार की स्कूटी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए।

हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घायल शिव कुमार की टांग में फ्रैक्चर हुआ है। इलाज के दौरान उसकी टांग में रॉड डाली गई। उसके हाथों और माथे पर भी चोटें आई हैं। रामनिवास को भी हादसे में चोट लगी।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

पूंडरी थाना के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि हादसे को लेकर रामनिवास की शिकायत मिली है। पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m