जामताड़ा। जामताड़ा सदर के साइडिंग रोड स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। बुधवार रात चोर घर की बाउंड्री तोड़कर अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के सोने के गहने व करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय मकान मालिक दुर्गा पूजा के दौरान अपने गांव घसनियां गए हुए थे।
रात करीब 11 बजे चला चोरी का पता
बताया गया कि मकान मालिक अर्णब साधु के घर की रखवाली करने वाला व्यक्ति बुधवार रात करीब 11 बजे वहां पहुंचा। इसी दौरान उसे मकान में चोरी होने की जानकारी मिली। घर की बाउंड्री टूटी हुई थी और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
सोने की चेन और पांच अंगूठियां चोरी
मकान मालिक के अनुसार, चोर घर से सोने की एक चेन, पांच अंगूठियां और करीब 50 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मकान मालिक से चोरी हुए सामान के संबंध में जानकारी ली।पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

