अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के जंगलों से लेकर रिहायशी इलाकों तक इन दिनों हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिम वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत के बाद भी जिले में हाथियों का मूवमेंट लगातार जारी है। हालात यह हैं कि कहीं हाथियों के झुंड खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, तो कहीं कच्चे मकानों के आसपास उनकी मौजूदगी ग्रामीणों के लिए खतरा बन रही है। हाथियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई प्रभावित इलाकों में बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ रही है, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। हाथियों के बीच लोगो द्वारा मोबाली से फोटो क्लिक कर वीडियो के साथ साथ सेल्फी का शौक उनके जान पर भारी पड़ सकता है।
दो झुंडों में 62 हाथियों की मौजूदगी
जानकारी के मुताबिक, जिले में हाथियों के दो अलग-अलग झुंड विचरण कर रहे हैं। इनमें लगभग 37 हाथियों का एक दल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से आया है, जबकि करीब 25 हाथियों का दूसरा झुंड पश्चिम ब्यौहारी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। पश्चिमी वन परिक्षेत्र के अमझोर, जयसिंहनगर, लहरा, खरहरा, मड़ई और मैढ़की सहित आसपास के गांवों में हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। इससे पहले पूर्व ब्यौहारी क्षेत्र के जगमल, अनहरा और नादो के आसपास भी इनकी मौजूदगी रही है।
हाथियों की सुरक्षा के लिए गांवों में अंधेरा
हाल ही में बिजली के करंट से एक हाथी की मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हाथियों को बिजली के तारों से खतरा न हो, इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद की जा रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाथियों के बीच सेल्फी का शौक
वन विभाग की टीम लगातार गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क कर रही है। ग्रामीणों से रात में घरों से बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग हाथियों के करीब जाकर फोटो, वीडियो और सेल्फी लेने का जोखिम उठा रहे हैं। हाथियों का व्यवहार अचानक आक्रामक हो सकता है, ऐसे में यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल, हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों को जागरूक करने में वन विभाग जुटा है।
उत्तर वन मंडलाधिकारी (DFO) तरुणा वर्मा ने बताया कि शहडोल जिले में हाथियों के दो झुंड विचरण कर रहे हैं। 25 हाथियों का स्थानीय दल अमझोर क्षेत्र में है, जबकि 37 हाथियों का दल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से आया है। वर्तमान में हाथियों की मौजूदगी अमझोर, जयसिंहनगर, लहरा, खरहरा, मड़ई और मैढ़की के आसपास बनी हुई है। वन विभाग की टीमें 24 घंटे निगरानी और गश्त कर रही हैं। पपौंध क्षेत्र में फिलहाल हाथियों की मौजूदगी की कोई सूचना नहीं है। DFO ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए उनके करीब न जाएं और वन विभाग की टीम का सहयोग करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

