संजय तिवारी, बलिया. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान और दिल्ली के जामिया कॉलेज में लिखे गए आपत्तिजनक स्लोगन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने फारूक अब्दुल्ला के बयान की निंदा करते हुए कहा कि भारत के हर नागरिक को पाकिस्तान को अपना दुश्मन मानना चाहिए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रति किसी तरह की सहानुभूति नहीं होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने जामिया कॉलेज में हुई घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर माफी मांगने को भी कहा.
बलिया में मीडिया से बातचीत के दौरान दानिश आजाद अंसारी ने फारूक अब्दुल्ला के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान कश्मीरियों की रक्षा कर रहा है. मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन है और देश के हर नागरिक को उसे अपना दुश्मन मानना चाहिए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रति कोई सहानुभूति नहीं होनी चाहिए. दानिश आजाद अंसारी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत के खिलाफ षड्यंत्र रचे हैं और देश को कमजोर करने की कोशिश की है. उन्होंने कहा कि ऐसे देश की हिमायत करना गलत और निंदनीय है.
इसे भी पढ़ें : काउंटडाउन शुरू! कल सुबह 8 बजे से 7 सेंटर्स पर होगी यूपी विधान परिषद चुनाव की काउंटिंग, तय होगी दिग्गजों की किस्मत
दिल्ली के जामिया कॉलेज में लिखे गए आपत्तिजनक स्लोगन पर मंत्री ने कहा कि इस तरह की घटना पूरी तरह गलत है. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के साथ आगे बढ़ना हर व्यक्ति और छात्र की जिम्मेदारी है. मंत्री ने कहा कि राजनीतिक दलों के विचार और लोगों के राजनीतिक मत अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन देश सभी का है. देश के खिलाफ कोई भी गतिविधि करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने जामिया कॉलेज की घटना की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इसके पीछे जो भी लोग दोषी हैं या ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं, उनकी पहचान की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी देश विरोधी गतिविधि होने पर संबंधित एजेंसियों को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
खड़गे से माफी मांगने की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी दानिश आजाद अंसारी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगनी चाहिए.

