संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कलेक्टर नीतू माथुर के नाम और उनकी आधिकारिक तस्वीर का इस्तेमाल करके एक फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शातिर साइबर ठगों द्वारा बनाए गए इस फेक अकाउंट से एक कर्मचारी को मैसेज भी भेजे जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर नीतू माथुर ने खुद वीडियो जारी कर आम जनता और शासकीय कर्मचारियों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।
+84 कोड वाले नंबर से बनाया गया फर्जी अकाउंट
कलेक्टर नीतू माथुर ने जानकारी देते हुए बताया कि +84 52 828 4775 नंबर का उपयोग कर उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए यह फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट तैयार किया गया है। इस अकाउंट के जरिए जब एक कर्मचारी को संदेश भेजा गया, तो मामले का खुलासा हुआ।
कलेक्टर की जनता से अपील- झांसे में न आएं
इस घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने आम नागरिकों और सभी शासकीय कर्मचारियों से अपील की है कि यदि इस नंबर या किसी अन्य संदिग्ध माध्यम से कोई मैसेज आता है, तो उसका जवाब बिल्कुल न दें। साथ ही, किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन न करें और न ही अपनी कोई भी निजी जानकारी साझा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल नाम और फोटो देखकर किसी भी अकाउंट पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का संदेश मिलने पर उसकी पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से जरूर करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

