प्रमोद कुमार, कैमूर। दो दिनों से लापता एक युवक का शव सूवरा नदी से बरामद किया गया है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के राजेश्वरी कॉलेज के पीछे नदी में तैरता हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के खीरी गांव निवासी मदन शर्मा के 29 वर्षीय पुत्र राहुल शर्मा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया
सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई एवं लोजपा (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि राहुल शर्मा गत 29 अक्टूबर को सुबह 7 बजे घर से बाहर नदी की तरफ निकले थे। जब देर रात तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अगले दिन भगवानपुर के राजेश्वरी कॉलेज के पीछे सूअरा नदी में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरने के कारण उनकी यह दर्दनाक मौत हुई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना 30 अक्टूबर को परिजनों द्वारा थाने में दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस लगातार तलाश और जांच में जुटी हुई थी। इसी बीच आज सुबह सूअरा नदी में पानी के ऊपर युवक का शव तैरता हुआ मिला।
थाना अध्यक्ष ने प्रथम दृष्टया अंदेशा जताया है कि पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया होगा और तैरना न जानने की वजह से उसकी डूबने से मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने पंचनामा की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सके।

