लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेशी मदद के सहारे सत्ता में आए और अब भी उसी के समर्थन से प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मंच पर और किसी भी समय चर्चा करने के लिए तैयार हैं।

राहुल गांधी का PM मोदी को खुला चैलेंज

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।” कांग्रेस नेता ने देश की अर्थव्यवस्था और सोशल मीडिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की आर्थिक व्यवस्था विदेशी समर्थन और प्रभाव के दायरे में है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि विदेशी सोशल मीडिया भी प्रधानमंत्री के पक्ष में खड़ा है।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती देते हुए लिखा, “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।” उन्होंने आगे दावा किया कि प्रधानमंत्री इस चुनौती को स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि वह उन मुद्दों से डरते हैं जिन्हें राहुल गांधी सार्वजनिक चर्चा में उठाना चाहते हैं।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर PM मोदी के बयान के बाद बढ़ा सियासी विवाद

राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के दौरान दिए गए संबोधन के बाद आया है। उस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष का नाम लिए बिना आरोप लगाया था कि कुछ ताकतें देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाने और भारत की छवि खराब करने के प्रयासों पर भी चिंता जताई थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि विदेशों में कौन किससे गुपचुप तरीके से मिल रहा है और भारत विरोधी ताकतों को किसका समर्थन मिल रहा है।

विदेशी मदद के आरोपों पर सियासत तेज

पीएम मोदी के बयान के जवाब में राहुल गांधी के आरोपों ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। कांग्रेस और भाजपा के बीच विदेशी प्रभाव, सोशल मीडिया और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है। हालांकि, राहुल गांधी के आरोपों के समर्थन में इस पोस्ट में कोई विस्तृत साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m