इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा के नर्मदानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पामाखेड़ी में आज दिनदहाड़े डकैती की वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। काले रंग की कार से आए सात से आठ नकाबपोश बदमाशों ने ललित-वासुदेव सोलंकी के खेत पर बने मकान में धावा बोल दिया। परिवार शादी समारोह में गया हुआ था।
READ MORE: पहले बच्चों की हत्या-फिर की खुदकुशी: मां ने 4 मासूम बच्चियों को कुएं में फेंका, खुद फांसी लगाकर दी जान; 5 मौतों से फैली सनसनी
बदमाशों ने घर पर मौजूद तीन मजदूरों को रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया और फिर वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक और 1.60 लाख रुपये नकदी ले गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास खींची पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। खंडवा से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

