राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पीएम मोदी की मिमिक्री की गई थी. इस दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसे लेकर अब राहुल गांधी निशाने पर हैं। भाजपा ने पीएम मोदी की मिमिक्री किए जाने के दौरान एक बुजुर्ग महिला का अपमान किए जाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी के मंच पर एक मिमिक्री आर्टिस्ट पुलकित मनी पहुंचे थे। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की थी और उनकी एक रैली के दौरान बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मांगे जाने का मजाक उड़ाया था। अब इसे लेकर भाजपा हमलावर है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को X पर पोस्ट में लिखा- कांग्रेस पार्टी कॉमेडियंस और जोकर्स की पार्टी बन गई है। वे हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं… रेस्ट इन पीस।

वहीं शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा- राहुल और कांग्रेस पार्टी नैतिक दिवालियापन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। छात्र संवाद का इस्तेमाल PM मोदी की दिवंगत मां का मजाक उड़ाने और उनका अपमान करने के लिए करना बुनियादी मानवीय संवेदना और राजनीतिक संस्कृति की चौंकाने वाली कमी दिखाता है।

दूसरी तरफ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने जवाब भी दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैं समझता हूं कि प्रल्हाद जोशी समझ नहीं पाते. उन्हें भाषा का ज्ञान नहीं है और न ही विषय का ज्ञान है। राहुल गांधी के मंच पर मां वाली तो कोई बात ही नहीं हुई। राहुल गांधी ने तो पीएम मोदी की मां का जिक्र ही नहीं किया। वह अकसर बेतुकी बातें करते हैं। मैं तो राहुल गांधी का वीडियो दो बार देख चुका, लेकिन उसमें वाली तो बात ही नहीं है। कम से कम सही बात करनी चाहिए। शिक्षा मंत्री खुद ही अशिक्षित जैसी बातें करते हैं। कोई आरोप लगाओ तो उसमें कुछ तो सच्चाई हो। 100 फीसदी न हो तो कम से कम 10 या 20 पर्सेंट ही हो।’

राहुल बोले- सरकार के पास दिया जलाने का पैसा, हॉस्टल का नहीं

वहीं राहुल गांधी ने इंदौर में अपने कार्यक्रम का जिक्र करते हुए X पर अपने पोस्ट के जरिए हॉस्टल की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने लिखा- कल इंदौर में एक छात्रा ने मुझसे पूछा कि सरकार के पास दिया जलाने के लिए पैसा है, हमारे हॉस्टल के लिए क्यों नहीं? राहुल ने कहा कि गांव से शहर पढ़ने आने वाली छात्राओं को हॉस्टल नहीं मिलने पर PG में रहना पड़ता है। किराए और सुरक्षित रहने का खर्च इतना ज्यादा है कि कई लड़कियां पढ़ाई छोड़ देती हैं।

राहुल ने छात्रों से शिक्षा-रोजगार जैसे मुद्दों पर बात की

राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के पांचवें एडिशन में हिस्सा लिया। इसका विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ था। यह कार्यक्रम इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी हो चुका है। इंदौर में छात्रों ने शिक्षा, भर्ती, परीक्षा, आरक्षण, हॉस्टल और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए।

एक छात्रा ने सरकारी परीक्षाएं पास करने के बावजूद OBC आरक्षण से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के कारण रुकी नियुक्तियों का मुद्दा उठाया। एक छात्र ने MPPSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने पर खुद और अन्य लोगों पर कार्रवाई होने की बात कही।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m