नरेश शर्मा, रायगढ़। ओडिशा के केंदुझर जिले की दिल दहला देने वाली घटना का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि अब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक और संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। घरघोड़ा ब्लॉक के कुडुमकेला गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेटा अपनी मृत मां के बैंक खाते में जमा रकम पाने के लिए दर-दर भटकता नजर आ रहा है।

मृत मां के खाते में जमा हैं 44 हजार रुपये

वायरल वीडियो में युवक भावुक होकर बता रहा है कि उसकी मां के बैंक खाते में करीब 44 हजार रुपये जमा हैं। वह कई बार बैंक के चक्कर लगा चुका है, लेकिन अब तक उसे राशि नहीं मिल पाई है। युवक का आरोप है कि बैंक प्रशासन उसकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई है।

narayana

यह घटना उस वक्त सामने आई है जब हाल ही में ओडिशा के केंदुझर जिले में एक भाई को अपनी मृत बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए उसका कंकाल बैंक ले जाने की मजबूरी ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था। उस घटना के बाद बैंकिंग व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर बड़े सवाल खड़े हुए थे।

अब रायगढ़ की यह घटना एक बार फिर सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण और गरीब तबके के लोगों को बैंकिंग प्रक्रियाओं की जटिलताओं के कारण अक्सर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, खासकर ऐसे संवेदनशील मामलों में।

फिलहाल वायरल वीडियो के बाद यह देखना बाकी है कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं। वहीं आम लोगों में इस तरह की घटनाओं को लेकर आक्रोश और चिंता साफ देखी जा रही है।

देखिये वीडियो-

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H