लवकुश बैरागी, आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा नगर में श्मशान भूमि पर नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित फायर स्टेशन निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। श्मशान की पवित्र भूमि पर निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हिंदू समाज के लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला और पुरु, ने विश्राम गृह पहुंचकर जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा और निर्माण कार्य पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
ये भी पढ़ें: हाथीनाला हत्याकांड का पर्दाफाश: हादसा नहीं, साजिश के तहत की गई थी 5 युवकों की हत्या, गिरफ्तार 8 आरोपियों में मुख्य आरोपी जनपद सदस्य
निर्माण स्थल से निकल रहे कंकाल
प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए समाजजनों ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर नगर पालिका द्वारा खुदाई और निर्माण कार्य कराया जा रहा है, वहां से कंकाल निकल रहे हैं। हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि यह केवल कोई खाली सरकारी जमीन नहीं है, बल्कि समाज की आस्था, परंपरा और अंतिम संस्कार से जुड़ा पवित्र स्थल है। ऐसे स्थान पर किसी भी प्रकार का शासकीय निर्माण जनभावनाओं के पूरी तरह विपरीत है।
लोगों ने स्पष्ट किया कि वे फायर स्टेशन जैसी जनहितैषी परियोजना के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसके लिए किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन किया जाना चाहिए ताकि धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
जमीन पर बैठकर प्रभारी मंत्री ने सुनी समस्या, तत्काल रोक के आदेश
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने सादगी की मिसाल पेश की और जमीन पर बैठकर ही आम जनता की समस्याएं सुनीं। मंत्री नागर सिंह चौहान ने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को फायर स्टेशन का निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: ड्राई फ्रूट, पेंट, तालाब के बाद अब मुरूम घोटाला: खदान एक भी नहीं, फिर भी पंचायतों में मुरूम के बिल पास
उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी पक्षों के साथ बैठकर चर्चा करेगा और सर्वसम्मति से समाधान निकाला जाएगा। इसके अलावा फायर स्टेशन के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की तलाश की जाएगी, ताकि विकास कार्य भी न रुके और समाज की धार्मिक आस्था का भी सम्मान बना रहे।
मंत्री के तुरंत हस्तक्षेप से लोगों ने राहत की सांस ली है लेकिन समाजजनों का कहना है कि जब तक लिखित आदेश और श्मशान भूमि की सुरक्षा का ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक वे अपनी आवाज बुलंद रखेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


