आगरा. आगरा में एक किसान और डीएम के बीच का अनोखा रिश्ता चर्चा का विषय बन गया है. शुक्रवार को एक किसान अपने खेत से निकली एक किलो ककोड़े की सब्जी लेकर डीएम कार्यालय पहुंचा और अधिकारी को धन्यवाद देते हुए यह तोहफा भेंट किया. किसान की सादगी देखकर डीएम मनीष बंसल भी मुस्कुरा उठे.

किसान ने डीएम से कहा, “साहब आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, मेरा काम हो गया. अब आप मेरी लाई हुई ये सब्जी स्वीकार कर लीजिए.” इसके बाद उसने ककोड़े से भरा झोला डीएम की मेज पर रख दिया. डीएम मनीष बंसल ने किसान के भाव को देखते हुए कहा कि यह उनके लिए अनमोल तोहफा है और इसे वह मना नहीं कर सकते.

इसे भी पढ़ें- अतीक के बेटे अबान की आज आखिरी विदाई, पिता की कब्र के बगल में होगा दफन; जेल से जनाजे में पहुंचेंगे भाई अली-उमर

तीन साल से जमीन की पैमाइश के लिए परेशान था किसान

मामला बाह तहसील क्षेत्र के बसई अरेला गांव का है. यहां रहने वाले किसान रामप्रकाश अपनी जमीन की पैमाइश के लिए करीब तीन साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे. किसान का आरोप था कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल उसकी समस्या का समाधान नहीं कर रहे थे और शिकायतों के बाद भी मामले को टालते रहे. परेशान होकर उसने समाधान दिवस के दौरान 6 जुलाई को डीएम मनीष बंसल के सामने अपनी शिकायत रखी.

डीएम की फटकार के बाद हुआ समस्या का समाधान

किसान की शिकायत सुनने के बाद डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा और जमीन की पैमाइश नहीं होने पर नाराजगी जताई. डीएम के निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने किसान की जमीन की पैमाइश कर दी. वर्षों से लंबित समस्या खत्म होने के बाद किसान काफी खुश हुआ. इसी खुशी में शुक्रवार को वह कलेक्ट्रेट पहुंचा और डीएम को धन्यवाद देने के लिए अपने खेत से ककोड़े लेकर आया.

डीएम बोले- किसान का प्यार सबसे बड़ा उपहार

जनता दर्शन के दौरान किसान रामप्रकाश डीएम के पास पहुंचा और बताया कि उनकी सुनवाई से उसकी बड़ी परेशानी दूर हो गई है. उसने कहा कि इसी खुशी में वह अपने खेत की सब्जी लेकर आया है. डीएम मनीष बंसल ने किसान के इस भाव को सराहा. उन्होंने कहा कि यह प्यार और विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि जनता दर्शन और तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए.

इसे भी पढ़ें- ‘सपा राज में मंडी लगाकर बिकती थीं नौकरियां!’ पेपर लीक के आरोपों पर भड़के ओपी राजभर का तीखा पलटवार

बारिश के मौसम में खास होती है ककोड़े की सब्जी

ककोड़ा एक खास तरह की मौसमी सब्जी है, जो बारिश के मौसम में खेतों की मेड़ों और जंगलों के आसपास मिलती है. इसका बाजार मूल्य भी काफी अधिक होता है और कई जगह यह 150 रुपये किलो से ज्यादा कीमत पर बिकती है. कहा जाता है कि ककोड़ा स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में इसे पारंपरिक तौर पर पसंद किया जाता है.