प्रयागराज. प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को आज खानदानी कब्रिस्तान कसारी-मसारी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में खोदी गई है. इसी कब्रिस्तान में अतीक के पिता फिरोज अहमद, भाई अशरफ और बेटे असद की भी कब्रें मौजूद हैं.
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके दोनों भाई अली और उमर को इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल मिल गई है. उमर लखनऊ जेल और अली झांसी जेल में बंद हैं. शुक्रवार दोपहर पुलिस दोनों को जेल से लेकर प्रयागराज के लिए रवाना करेगी. जेल से कब्रिस्तान तक पहुंचने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लगने की संभावना है. ऐसे में अबान को रात करीब 8 बजे दफन किए जाने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का कहर: हाईवे बने तालाब, अंडरपास में फंसी एंबुलेंस; आगरा में 20 फीट गहरे गड्ढे में समाया मेटाडोर
हाईकोर्ट ने चार शर्तों पर दी पैरोल
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अली और उमर को चार शर्तों के साथ पैरोल मंजूर की है. कोर्ट ने साफ निर्देश दिया है कि दोनों मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे और सोशल मीडिया गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे. इसके अलावा दोनों किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करेंगे और किसी अन्य कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. कोर्ट ने आदेश दिया है कि दोनों को सीधे जेल से कब्रिस्तान ले जाया जाए और जनाजे के बाद वापस जेल भेज दिया जाए. अली और उमर को अपने छोटे भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से पुलिस की मौजूदगी में एक घंटे मिलने की अनुमति भी दी गई है.
मां शाइस्ता के शामिल होने पर नजरें
अबान के जनाजे में उसकी मां शाइस्ता परवीन के शामिल होने को लेकर भी चर्चा तेज है. शाइस्ता साल 2023 से फरार चल रही है. वह पति अतीक अहमद और बेटे असद के जनाजे में भी शामिल नहीं हो सकी थी. अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह छोटे बेटे अबान की आखिरी विदाई में पहुंचेगी या नहीं. पुलिस भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
भाई से मिलने जा रहा था अबान, हादसे में हुई मौत
अबान की मौत गुरुवार सुबह झांसी में हुए सड़क हादसे में हुई थी. वह अपने चार दोस्तों के साथ क्रेटा कार से प्रयागराज से जा रहा था. बताया जा रहा है कि वह जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था. हाईवे पर अचानक सामने आए जानवर को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.
इसे भी पढ़ें- ‘सपा राज में मंडी लगाकर बिकती थीं नौकरियां!’ पेपर लीक के आरोपों पर भड़के ओपी राजभर का तीखा पलटवार
हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अबान और सोनू के शव एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज लाए गए. अतीक का घर ध्वस्त होने के बाद अबान अपनी बुआ के घर हटवा गांव में रह रहा था.


