लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि झांसी, जालौन समेत 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. शुक्रवार को प्रदेश के करीब 70 शहरों में जोरदार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
गाजियाबाद और नोएडा में बारिश के बाद हाईवे और सड़कें तालाब में बदल गईं. कई गली-मोहल्लों में 4 फीट तक पानी भर गया. नोएडा सेक्टर-95 के अंडरपास में जलभराव के कारण एक एंबुलेंस फंस गई. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने धक्का देकर एंबुलेंस को बाहर निकाला.
इसे भी पढ़ें- अबान के जनाजे में शामिल होने की मिली इजाजत, उमर और अली को हाईकोर्ट से कस्टडी पैरोल
आगरा में बारिश बनी आफत, सड़क धंसी और गड्ढों में समाई गाड़ियां
बारिश का सबसे ज्यादा असर आगरा में देखने को मिला. यहां दो जगह सड़क धंस गई, जिससे करीब 20-20 फीट गहरे गड्ढे बन गए. एक मेटाडोर गहरे गड्ढे में समा गई. वहीं एत्माद्दौला क्षेत्र में टेंपो करीब 10 फीट गहरे सीवर के गड्ढे में पलट गया. टेंपो में सवार दो महिलाएं, दो छात्राएं और चालक गड्ढे में गिरकर डूबने लगे. मौके पर मौजूद लोगों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में क्रेन की मदद से टेंपो को बाहर निकाला गया. आगरा में पिछले 24 घंटे में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई.
नदियां उफान पर, गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
लगातार बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियां खतरे के निशान की ओर बढ़ रही हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी ने अब तक करीब 50 एकड़ जमीन को अपनी चपेट में ले लिया है. बलिया में सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं. फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है. यहां 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है. वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 40 से 50 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है, जबकि रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से ज्यादा डूब चुका है.
अगले 5 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 66 जिलों में बारिश की संभावना है. पिछले 24 घंटे में संभल में सबसे ज्यादा 79.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं शनिवार को संभल में 134 मिमी, बुलंदशहर में 110.4 मिमी और हमीरपुर में 93 मिमी बारिश दर्ज हुई.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या में 102 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा स्मार्ट प्रशासनिक केंद्र, जानिए दीपोत्सव से पहले कैसे बदलेगी दफ्तरों की तस्वीर
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं और प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश का सिस्टम सक्रिय है. अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होने के आसार हैं.


