सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने पुलिस भर्ती में एक से अधिक पदों पर चयन के कारण रिक्त होने वाले पदों को अगले पात्र अभ्यर्थियों से तत्काल भरने की मांग की है. उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है.
अजय राय ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें बताया है कि पुलिस कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए भर्ती-2023 तथा उपनिरीक्षक (गोपनीय)/सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक एवं लेखा) भर्ती-2023 में कुछ अभ्यर्थियों का एक से अधिक पदों पर चयन हुआ है. ऐसे मामलों में अभ्यर्थी सामान्यतः उच्च वेतनमान वाले पद को स्वीकार करता है और दूसरे पद को छोड़ देता है. इससे खाली होने वाले पदों को रिक्त रखना उन युवाओं के साथ अन्याय होगा जो रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : मंच का नहीं, अपने मन का शुद्धिकरण करे भाजपा! खड़गे के समर्थन में अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- अपमान सहने के मूड में नहीं PDA समाज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के 16 जनवरी 2023 के आदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है. इसमें एक से अधिक पदों पर चयनित 124 अभ्यर्थियों को निम्नतर वेतनमान वाले पदों से हटाकर चयन परिणाम संशोधित किया गया था. उन्होंने मांग की कि वर्तमान मामले में भी इसी सिद्धांत को लागू किया जाए. उन्होंने कहा कि उच्चतर पद स्वीकार करने वाले अभ्यर्थियों को निम्नतर पद की सूची से हटाकर उनसे रिक्त होने वाले पदों पर प्रतीक्षा सूची अथवा अन्य पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाना चाहिए.
युवाओं को मुकदमेबाजी के लिए मजबूर न किया जाए
अजय राय ने कहा कि प्रदेश का युवा सीमित रोजगार अवसरों और भर्ती प्रक्रियाओं में होने वाली देरी से पहले ही निराश है. सरकारी नौकरी का प्रत्येक पद किसी युवा के भविष्य और उसके परिवार की उम्मीद से जुड़ा होता है. ऐसे में उपलब्ध पदों को रिक्त रखना उचित नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के अनुसार इस मामले को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने न्यायालय की शरण भी ली है. अजय राय ने कहा कि न्यायालय जाना अभ्यर्थियों का विधिसम्मत अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर हल हो सकने वाले मामले में युवाओं को वर्षों तक मुकदमेबाजी और आर्थिक बोझ उठाने के लिए मजबूर करना उचित नहीं होगा. उन्होंने यह भी मांग की कि अपनी शिकायत प्रशासन अथवा न्यायालय के समक्ष रखने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार के दबाव, धमकी, प्रलोभन या प्रताड़ना का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए.
इसे भी पढ़ें : चंदा चोरी को लेकर भाजपा पर बरसीं डिंपल, कहा- भाजपा सरकार पूरे मामले में लीपापोती करती रही
दोहरे चयन वाले अभ्यर्थियों का तत्काल सत्यापन की मांग
अजय राय ने मुख्यमंत्री से पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि दोहरे चयन वाले अभ्यर्थियों का तत्काल सत्यापन कराकर उन्हें निम्नतर पदों से हटाया जाए और उनसे रिक्त होने वाले पदों पर अगले पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाए. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की किसी त्रुटि या अनावश्यक विलंब के कारण एक भी रोजगार का अवसर व्यर्थ नहीं जाना चाहिए.


