अमेरिका और खाड़ी के दूसरे देशों से जारी तनाव के बीच ईरान में कुछ अलग देखने को मिल रहा है. ईरान में अब आम लोगों को सार्वजनिक तौर पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है. ईरान की राजधानी तेहरान के हफ़्ते तिर स्क्वायर पर गन बूथ बनाकर महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग AK-47 चलाने के लिए तैयार किया जा रहा है तो ईरान के सरकारी टीवी पर लाइव शो में भी ठीक यही हो रहा है. हथियार चलाने की ट्रेनिंग वाले एक कार्यक्रम में एक टीवी एंकर ने तो संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के राष्ट्रीय झंडे पर ही गोली चला दी. यह सब लाइव प्रसारण के दौरान हुआ.

ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर लाइव प्रसारण के दौरान एक टीवी एंकर ने UAE के राष्ट्रीय झंडे पर गोली चला दी. ये मामला एक हथियार प्रशिक्षण सत्र के दौरान पेश आया, जब एक नकाबपोश ट्रेनर एंकर को AK-47 चलाना सिखा रहा था.

ईरान इन दिनों टीवी पर हथियारों की ट्रेनिंग वाले कार्यक्रम बढ़ा रहा है, ताकि आम लोगों को संभावित बड़े युद्ध के लिए तैयार किया जा सके. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तेज बहस छिड़ गई है और कई लोग इसे युद्ध की तैयारी का संकेत मान रहे हैं. प्राइमटाइम में एक लाइव हथियार ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान, चेहरा ढके हुए IRGC कमांडर के साथ मौजूद एक ईरानी टीवी एंकर ने UAE के राष्ट्रीय झंडे की तरफ असली असॉल्ट राइफल से गोली चला दी.

सामने आए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि स्टूडियो में हथियारों को संभालने का एक ट्रेनिंग सेशन चल रहा था. इस दौरान मिलिट्री स्टाइल कपड़ों में मौजूद एक नकाबपोश ट्रेनर ने टीवी एंकर को AK-47 को लोड करने और उसे चलाने का तरीका सिखाया. 

यह प्रसारण सरकारी चैनल “ओफोग टीवी” पर दिखाया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान इन दिनों प्राइमटाइम टीवी पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग वाले कार्यक्रम दिखा रहा है, ताकि आम नागरिकों को संभावित बड़े युद्ध के लिए तैयार किया जा सके.

न्यूज एजेंसी AFP ने भी कई फोटो शेयर करके दिखाए हैं कि कैसे ईरान की महिला सैन्यकर्मी आम महिलाओं को तेहरान में हफ़्ते तिर स्क्वायर के एक बूथ पर बंदूक का उपयोग करने के बारे में ट्रेनिंग दे रही है.

ऐसा नहीं है कि यहां ट्रेनिंग सिर्फ महिलाओं को मिल रही थी. मासूम बच्चों और आम पुरुषों के लिए अलग से सैन्यकर्मी था जो उन्हें हथियार चलाना सिखा रहा था.

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध को देखते हुए अब तक 3 करोड़ 10 लाख से ज्यादा ईरानी नागरिक इस वॉलंटरी प्रोग्राम के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. एंकरों की ये ट्रेनिंग भी इसी अभियान का हिस्सा थी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m