लखनऊ. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिमों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मुस्लिम उम्मीदवार उतारने के बयान पर बीजेपी नेता ए.के. शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है. शर्मा ने ओवैसी के उस रुख को सही बताया, जिसमें उन्होंने मुस्लिमों को केवल वोट बैंक के तौर पर देखे जाने का आरोप लगाया था. ओवैसी हाल के दिनों में यूपी में मुस्लिम राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की बात लगातार उठा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, हो गया टांय-टांय फिस्स! राज्यसभा चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कसा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो ऐसा क्या कहा?

ए.के. शर्मा बोले- ओवैसी का दर्द सही

ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वाभाविक रूप से असदुद्दीन ओवैसी का दर्द सही है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर मुस्लिमों की वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया. शर्मा के मुताबिक, सपा ने मुस्लिम समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से पर्याप्त अवसर नहीं दिए. उन्होंने दावा किया कि आज भी बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार आर्थिक परेशानियों के बीच जीवन जी रहे हैं और तंग गलियों तथा बदहाल बस्तियों में रहने को मजबूर हैं.

‘PDA’ के A पर भी साधा निशाना

बीजेपी नेता ने सपा के PDA फॉर्मूले पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि PDA के नाम पर ‘A’ यानी अल्पसंख्यक लिख देने भर से मुस्लिमों के साथ न्याय नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि वास्तव में वो ‘A’ अपराधियों के लिए है, अल्पसंख्यकों के लिए नहीं है. ये बात एकदम सही है कि मुसलमानों के साथ विपक्षी पार्टियों विशेष करके समाजवादी पार्टी ने बहुत ही अन्याय किया है.

ओवैसी उठा रहे मुस्लिम प्रतिनिधित्व का मुद्दा

ओवैसी हाल के बयानों में मुस्लिमों को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि राजनीतिक हिस्सेदारी का हकदार बताते रहे हैं. उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर सपा, पर मुस्लिमों से वोट लेने लेकिन पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देने का आरोप लगाया है. ओवैसी ने यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर AIMIM की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की बात भी कही है. उन्होंने सपा के साथ गठबंधन की संभावना पर भी सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति रखी है.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, तीन मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक; 300 मजदूर रहते थे

बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों को दी शुभकामनाएं

ए.के. शर्मा ने इस दौरान बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं. बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. सूची में धर्मपाल सिंह, श्रुति गंगवार, राधाकांत ओझा, प्रियंका सिंह रावत, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, राम प्रताप सिंह चौहान और गोपी कृष्ण पांडेय शामिल हैं.