लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जेल में वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत का समय तय किया गया है. इस मुलाकात को लेकर सपा और कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने का काम किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- ‘मादरे वतन के लिए जान दे दूंगा, पर नहीं गाऊंगा वंदे मातरम…’ इमरान मसूद के दो टूक बयान से गरमाई यूपी की राजनीति
22 अक्टूबर को रामपुर जाएंगे अखिलेश यादव
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बताया कि अखिलेश यादव का रामपुर दौरा तय हो गया है. वह 22 अक्टूबर को जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे. इस दौरान उनके स्वास्थ्य का हालचाल भी लेंगे. चांद के मुताबिक, मुलाकात में आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों और अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.
‘सरकार बनी तो मुकदमे वापस लेने का काम करेंगे’
फखरुल हसन चांद ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में आजम खान के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज किए गए. उन्होंने एजेंसियों के दुरुपयोग और शिक्षा के मंदिर को गिराने के प्रयास का भी आरोप लगाया. चांद ने कहा कि अखिलेश यादव इन मुद्दों पर आजम खान से बात करेंगे. उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी में सपा की सरकार बनने जा रही है. सरकार बनने के बाद आजम खान पर लगे सभी मुकदमों को वापस लेने का काम किया जाएगा.
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने किया समर्थन
अखिलेश यादव की मुलाकात पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि यह अच्छी बात है. उन्होंने आजम खान को अपनी पार्टी का वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह यादव का साथी बताया. राजपूत ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आजम खान को शत्रुता की भावना से प्रताड़ित कर रही है.
इसे भी पढ़ें- मेला, मौज और मौतः पेड़ से जा टकराई तेज रफ्तार कार, काल के गाल में समाई 4 जिंदगी, मंजर देख दहल उठे लोग
‘आजम खान के साथ क्रिमिनल जैसा व्यवहार’
सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि बीजेपी आजम खान के साथ एक अपराधी जैसा व्यवहार कर रही है. अखिलेश यादव का अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता से मिलने जाना जरूरी है. इससे प्रदेश में संदेश जाएगा और आजम खान का हौसला भी बढ़ेगा. अब इस मुलाकात पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं.

