लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव लड़ने को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर बीजेपी नेताओं ने निशाना साधा है. अखिलेश ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. वह सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने आएंगे. उनके इस बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
पंकज चौधरी ने अखिलेश को बताया रणछोड़
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर तंज कसा. उन्होंने लिखा, ‘रणछोड़ अखिलेश. पहले चुनौती दी, अब भाग खड़े हुए.’ पंकज चौधरी ने सवाल किया कि क्या अखिलेश सीधे लोकसभा से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे? उन्होंने इसकी तुलना बिना चुनाव के सत्ता परिवर्तन से की.
नोएडा जाने और चुनाव लड़ने पर साधा निशाना
पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में सपा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव सत्ता में थे, तब नोएडा जाने से डरते थे. अब चुनाव लड़ने से डर रहे हैं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने इसे समाजवादी पार्टी की राजनीति बताया.
बृजेश पाठक बोले- मुंगेरीलाल के हसीन सपने
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अखिलेश जो कह रहे हैं, वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने हैं. पाठक ने दावा किया कि बीजेपी 2027 में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी. उन्होंने विपक्ष पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान का अपमान करने और देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें- अयोध्या में कदम रखते ही दिखेगी रामायण, 13 भव्य द्वार और 20 सेल्फी प्वाइंट तैयार
2012 में सांसद रहते मुख्यमंत्री बने थे अखिलेश
दरअसल, अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी में मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह पहले भी सांसद रहते मुख्यमंत्री बने थे. 2012 में सपा की जीत के बाद वह कन्नौज से लोकसभा सदस्य थे. उन्होंने कहा कि इस बार भी वह सीधे शपथ लेने आएंगे. इसी दौरान उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी 2027 के चुनाव में अपने करीब 200 मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है. उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है.

