रायबरेली. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आज यानी 24 सितंबर के रायबरेली दौरे से पहले शहर में लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. पोस्टरों में आजम खान के साथ दिवंगत अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई हैं. इन तस्वीरों के साथ “यही चलाते थे सरकार” और “अखिलेश के माफिया” जैसे स्लोगन लिखे गए हैं. ऐसे पोस्टर उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी सामने आने की भी खबर है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर बदला मौसम, 58 जिलों में बारिश का अलर्ट; 17 में भारी बारिश

अखिलेश के दौरे से पहले लगे पोस्टर

अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली में PDA रथ यात्रा के तहत पहुंच रहे हैं. उनके कार्यक्रम में रथ के जरिए क्षेत्र का भ्रमण और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ जीआईसी मैदान में सभा भी शामिल है. इसी बीच शहर में लगे पोस्टरों ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. पोस्टरों के जरिए सपा और अखिलेश यादव को आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी से जोड़कर निशाना बनाया गया है.

पोस्टरों में लगाए गए आरोप

पोस्टरों में इन नेताओं की तस्वीरों के नीचे “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश” जैसे स्लोगन भी इस्तेमाल किए गए हैं. इन पोस्टरों के जरिए सपा की पिछली सरकार और कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति की ओर से लगाए गए, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

सपा समर्थकों में नाराजगी

पोस्टर सामने आने के बाद सपा समर्थकों में नाराजगी की बात सामने आई है. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अखिलेश यादव के दौरे से पहले इस तरह के पोस्टर लगाकर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले 9 यात्री, स्लीपर AC बस में भीषण आग; खिड़की से कूदकर कई ने बचाई जान

रायबरेली दौरे पर रहेगी नजर

अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे को लेकर पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है. वह PDA रथ से जिले में भ्रमण करेंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. पोस्टर विवाद के बीच उनका दौरा स्थानीय राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है. फिलहाल पोस्टरों को लेकर प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.