लखनऊ. उत्तर प्रदेश में तीन दिन के अंतराल के बाद मानसूनी बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है. गुरुवार (24 सितंबर 2026) को लखनऊ, गोंडा, महराजगंज, उन्नाव और प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश हुई. गोंडा में सुबह से तेज बारिश जारी रही. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक पूर्वी यूपी में 24 से 27 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले 9 यात्री, स्लीपर AC बस में भीषण आग; खिड़की से कूदकर कई ने बचाई जान

गोंडा में सुबह से मूसलाधार बारिश

गोंडा में सुबह करीब 4 बजे से तेज बारिश होने की खबर है. दो घंटे में करीब 10 एमएम बारिश दर्ज की गई. बारिश के चलते प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. महराजगंज में भी सुबह से बारिश जारी रही.

फतेहपुर में सड़कें बनीं तालाब

बुधवार को गोरखपुर, कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर और जालौन समेत कई शहरों में रुक-रुककर बारिश हुई। वाराणसी में शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम बदला और आंधी के साथ तेज बारिश हुई. फतेहपुर में कई गलियों और सड़कों पर पानी भर गया. सीतापुर में बारिश के दौरान छत की रेलिंग नीचे बने गणेश पंडाल पर गिरने से एक महिला की मौत और 10 लोगों के घायल होने की खबर है.

24 से 27 सितंबर तक तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से 24 से 27 सितंबर के बीच यूपी में बारिश का दौर तेज हो सकता है. पूर्वी यूपी में 24 सितंबर को भारी, जबकि 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. पश्चिमी यूपी में भी 25 से 27 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- रास्ते में मौत से मुलाकातः दोस्तों के साथ मेला घूमकर लौट रहा था 7 साल का मासूम, फिर उसके साथ जो हुआ जानकर कांप उठेगी रूह

मानसून की वापसी भी शुरू

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से वापस लौटने लगा है और यूपी से इसकी वापसी के लिए भी परिस्थितियां बन रही हैं. हालांकि बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में बने नए सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. 27-28 सितंबर तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है.