प्रयागराज. अलायंस एयर की फ्लाइट का एक इंजन हवा में तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गया. इसके बाद पायलट ने दूसरे इंजन की मदद से विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया. घटना के बाद IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के रनवे-4 पर करीब 30 मिनट तक आपातकाल घोषित कर रनवे को पूरी तरह खाली रखा गया. विमान में क्रू मेंबर्स समेत 40 लोग सवार थे. सभी सुरक्षित हैं. DGCA ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 60 जिलों में बारिश का अलर्ट; 26 जिले बाढ़ की चपेट में
प्रयागराज से दिल्ली जा रही थी फ्लाइट
अलायंस एयर की फ्लाइट 9I-698 बिलासपुर-प्रयागराज-दिल्ली रूट पर संचालित होती है. विमान ने शुक्रवार(11 सितंबर 2026) दोपहर करीब 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला. उन्होंने तुरंत ATC को इसकी जानकारी दी और दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी.
एयरपोर्ट पर किया गया इमरजेंसी अलर्ट
विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए. रनवे-4 को करीब 30 मिनट तक खाली रखा गया. इसके बाद दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया.
सुबह बिलासपुर से प्रयागराज पहुंचा था विमान
जानकारी के मुताबिक, यही विमान शुक्रवार सुबह 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था और करीब 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा था. कुछ देर रुकने के बाद 12:33 बजे विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी. इसके बाद मेरठ के आसपास इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई.
इसे भी पढ़ें- ‘कोई यादव-मुसलमान होता, तुरंत एनकाउंटर, तुरंत बुलडोजर चल जाता’ काजल निषाद और पुलिस के बीच तीखी बहस
दो सप्ताह में दूसरी गंभीर तकनीकी घटना
अलायंस एयर के विमान में दो सप्ताह के भीतर यह दूसरी गंभीर तकनीकी घटना है. इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट 9I-613 के लैंडिंग के दौरान बायां टायर फट गया था. रनवे पर चिंगारी निकलने के बावजूद पायलट ने विमान को सुरक्षित रोक लिया था. उस विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स सवार थे. लगातार सामने आई घटनाओं के बाद अलायंस एयर के विमानों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.



