गोंडा. उत्तर प्रदेश के गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है. शुक्रवार (11 सितंबर 2026) को प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया. डीएम के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना खत्म किया. इसी दौरान समाजवादी पार्टी की महिला नेता काजल निषाद भी गोंडा पहुंचीं और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए.

इसे भी पढ़ें- ममता पर खून के छींटे! कानपुर में नाबालिग छात्र की संदिग्ध मौत, मां पर ही लगा हत्या का संगीन आरोप

काजल निषाद ने उठाए एनकाउंटर और बुलडोजर पर सवाल

काजल निषाद ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर आरोपी यादव या मुसलमान होता तो तुरंत एनकाउंटर और बुलडोजर की कार्रवाई हो जाती. इस पर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने जवाब दिया कि कार्रवाई सभी के खिलाफ हो रही है. उन्होंने कहा कि कम से कम 10 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें ठाकुर और ब्राह्मण भी शामिल हैं.

इंस्पेक्टर बोले- कार्रवाई करने दीजिए, बुलडोजर भी चलेगा

काजल निषाद के बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर सवाल करने पर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने कहा कि बुलडोजर जरूर चलेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस को कार्रवाई करने का मौका दिया जाना चाहिए. दोनों के बीच बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है.

अखिलेश यादव ने मृतक के बेटे से की फोन पर बात

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हत्या को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कारोबारी की हत्या में भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं और पुलिस तमाशा देख रही है. अखिलेश ने मृतक के बेटे राजा साहनी से फोन पर बात कर उन्हें हिम्मत रखने और साथ खड़े रहने का भरोसा दिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. लापरवाही के आरोप में परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी, चौकी प्रभारी अंकित सिंह और सिपाही अभिमन्यु भारती को निलंबित किया गया है. शुक्रवार शाम कमियार घाट पर विनोद साहनी का अंतिम संस्कार किया गया. बेटे राजा साहनी ने उन्हें मुखाग्नि दी.

बता दें कि परसपुर थाना क्षेत्र निवासी बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी (45) ने कथित तौर पर अयोध्या में हुए एक कार्यक्रम और महंत राजूदास को लेकर फेसबुक पोस्ट किया था, जिसके बाद दूसरे पक्ष से उनका विवाद शुरू हुआ था. बुधवार (9 सितंबर 2026) की रात जब विनोद साहनी अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी रेक्सड़िया गांव के पास 8 से 10 हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 60 जिलों में बारिश का अलर्ट; 26 जिले बाढ़ की चपेट में

उन पर लाठी-डंडों, बाइक की चेन और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया. गंभीर हालत में उन्हें पहले गोंडा के अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ के KGMU (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) रेफर किया गया. इलाज के दौरान गुरुवार (10 सितंबर) दोपहर को उन्होंने दम तोड़ दिया.