लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून जाते-जाते एक बार फिर सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. लखनऊ और आसपास के जिलों के साथ पूर्वांचल के कुछ जिलों में शनिवार (12 सितंबर 2026) सुबह धूप खिली रही, जबकि शुक्रवार (11 सितंबर 2026) को लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और झांसी समेत 20 शहरों में तेज बारिश हुई. लगातार बारिश से प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं और 26 जिले बाढ़ प्रभावित हैं.

इसे भी पढ़ें- ममता पर खून के छींटे! कानपुर में नाबालिग छात्र की संदिग्ध मौत, मां पर ही लगा हत्या का संगीन आरोप

दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट

खराब मौसम के चलते दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट IX1827 को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा. विमान ने रात 9:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. मौसम साफ होने के बाद उड़ानों के संचालन पर स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है.

10 से ज्यादा नदियां उफान पर, 4 लाख लोग प्रभावित

गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है. बाढ़ से करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित है. मिर्जापुर में नदी-नालों का पानी छोटे पुलों के ऊपर से बह रहा है. कई जगहों पर आवागमन रोकना पड़ा है. फर्रुखाबाद में गंगा की बाढ़ से स्टेट हाईवे का करीब 400 मीटर हिस्सा जलमग्न हो गया है.

श्मशान घाट नदी में समाया, पंचायत घर भी बहा

बुलंदशहर में गंगा के कटान की वजह से पक्का श्मशान घाट नदी में समा गया. बदायूं में पंचायत घर बह गया. लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र के दर्जनों गांवों में गोमती का पानी घुस गया है. खेत और सड़कें जलमग्न हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का पानी पुलिस चौकी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर तक पहुंच गया.

इसे भी पढ़ें- ‘माफिया राज’ वाली हेकड़ी पड़ी भारी: अतीक के बेटे अली के काफिले पर हाईकोर्ट सख्त, खारिज की अर्जी

योगी ने PWD अफसरों को दिए फील्ड में उतरने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने PWD की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को फील्ड में उतरकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण अगले दो दिनों तक पूर्वी यूपी में मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी यूपी में दो दिन बाद हल्की बारिश के आसार हैं.