PUNJAB DESK, अमृतसर। अमृतसर के अटारी बॉर्डर स्थित जॉइंट चेक पोस्ट में प्रसिद्ध गायक ए आर रहमान की आवाज आज गूंजने वाली है। देश भक्ति गीत और अटारी की रिट्रीट सेरेमनी का मेल वहां के माहौल को और भी जोश से भर देगा। स्टेडियम में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के दौरान विश्वप्रसिद्ध संगीतकार और ऑस्कर पुरस्कार विजेता ए. आर. रहमान पहली बार बीटिंग रिट्रीट समारोह में लाइव प्रस्तुति देंगे, जिसके लिए वह अमृतसर पहुंच गए हैं। खबर यह भी है कि इस आयोजन में कई और स्टार के जुड़ने की संभावना है। सुरक्षा के लिहाज से यहां व्यवस्थाएं और भी चुस्त की गई हैं।
वीर जवानों को समर्पित
यह आयोजन देश के वीर जवानों को समर्पित होगा, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। “जय हो – ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स” शीर्षक से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य देश के बहादुर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, एकता और राष्ट्र गौरव की भावना संगीत के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। ए. आर. रहमान के लोकप्रिय और प्रेरणादायक गीत इस समारोह को और अधिक यादगार बनाने वाले हैं। इस आयोजन में फिल्म जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल होंगी।
चर्चित फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना तथा प्रसिद्ध गायक मोहित चौहान, नीलांजना घोष, पूजा तिवारी और नरगिस अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसके अलावा फिल्म निर्माण से जुड़े कई प्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

