अमृतसर. अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित शेखूपुरा मोहल्ले में अचानक से गोलियां चलने की आवाज आई और इस आवाज के साथ उस इलाके में दहशत भी फैल गई. खबर है कि कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक रिहायशी मकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना को अंजाम देनें के लिए तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर करीब 8 से 9 हथियारबंद बदमाश अचानक वहां पहुंचे और घर पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. फायरिंग लगातार की जा रही थी जिससे दहशत का माहौल बन गया था.

घटना के समय घर के मौजूद बलविंदर कौर और उनका परिवार बच्चों को खाना खिला रहा था. परिवार के लोगों ने मीडिया को बताया कि अचानक बाहर से गोलियों की तेज आवाजें आने लगीं. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद बाहर पटाखे फोड़े जा रहे हैं, लेकिन जब बाहर आने पर असलियत का पता चलते ही उनके होश उड़ गए.

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं. गनीमत रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ. उस समय इस घटना से घर के बाहर मौजूद किसी सदस्य की जान जा सकती थी. परिवार के लोगों ने प्रशासन से मांग है कि वह जल्द इस मामले की जांच करें और आरोपियों की गिरफ्तार करें.

सीसीटीवी की हो रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किस रास्ते से आए थे और कहां फरार हो गए.