वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला अंतर्गत राजगीर में मॉब लिंचिंग में जान गंवाने वाले दलित युवक पिंटू पासवान और श्रवण पासवान के परिजनों से आज गुरुवार (25 जून) को लोजपा (रामविलास) के नेता एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
घटना पर चिराग पासवान की नजर- अरुण भारती
सांसद अरुण भारती ने कहा कि, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहले दिन से इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं और उनके हस्तक्षेप के बाद अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार मुख्य आरोपी पर उन्होंने कहा कि वह जहां भी छिपा होगा, पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करेगी। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दबाव बनने के बाद ही कार्रवाई तेज होती है, जबकि प्रशासन को तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
पीड़ित परिवार से मिलने आएंगे चिराग- अरुण भारती
अरुण भारती ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राशन और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही मृतक की बच्ची की पढ़ाई और परिवार की आजीविका की व्यवस्था कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। सभी फैसले कानून के दायरे में लिए जाएंगे। वहीं चिराग पासवान के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि मंत्रालय और अन्य दायित्वों से समय मिलते ही वे पीड़ित परिवार से मिलने जरूर आएंगे।
जानें क्या है पूरा मामला?
बता दें कि पूरा मामला बीते 14 जून की रात की है, जब जिले के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के पास चोरी का आरोप लगाते हुए उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान पटना पीएमसीएच में मौत हो गई। उस समय परिजनों ने बताया था कि दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ राजगीर मेला घूमने आए थे। देर रात सूचना मिली कि उन्हें चोरी के आरोप में पकड़कर पीटा जा रहा है।
इस घटना को लेकर सियासी माहौल भी गरमाया हुआ है। बीते दिनों सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनकी आर्थिक सहायता की थी। इसके साथ ही तेजस्वी भी इस घटना को लेकर लगाता सवाल उठा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- नालंदा में ताड़ी के अड्डे पर खूनी खेल, 50 वर्षीय व्यक्ति को सरेआम मारी गोली, आरोपी फरार

