Asian Games 2026: भारत के लिए रविवार का दिन पदकों के लिहाज से शानदार रहा। स्वर्ण पदक का खाता बढ़ाने की उम्मीद थी, लेकिन गोल्ड नहीं आया। इसके बावजूद स्क्वैश, एथलेटिक्स और अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने रविवार को कुल 7 पदक अपने नाम किए, जिससे एशियाड में देश के कुल पदकों की संख्या 37 हो गई है।

स्क्वैश में अभय और अनाहत ने दिलाया सिल्वर

स्क्वैश में भारत का शानदार अभियान जारी रहा। पुरुष एकल के फाइनल में अभय सिंह और महिला एकल के खिताबी मुकाबले में अनाहत सिंह को हार का सामना करना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों ने रजत पदक अपने नाम किए।

अभय सिंह को पुरुष एकल फाइनल में मलेशिया के ऐन योउ एंग ने हराया। वहीं, महिला एकल फाइनल में अनाहत सिंह को मलेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम के खिलाफ 0-3 से हार मिली। फाइनल में हार के बावजूद दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने रजत पदक के साथ देश का खाता मजबूत किया।

एथलेटिक्स में भारत ने जीते 5 पदक

ट्रैक एंड फील्ड में भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में पांच पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में हरिता भद्रा ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों के डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने भी कांस्य अपने नाम किया।

इसके अलावा पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में कांस्य पदक जीता। एंसी सोजन ने महिलाओं की लंबी कूद में रजत और सरवेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया।

पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में भारत के अनिमेष कुजूर 20.80 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हीट में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल तक पहुंचने वाले अनिमेष पदक जीतने से चूक गए।

4×100 मीटर रिले के फाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम

भारतीय महिला 4×100 मीटर रिले टीम ने भी फाइनल में जगह बना ली है। अभिनया राजाराजन, स्नेहा शनुवली, शिवांकर सुदेशना और तमन्ना की चौकड़ी ने हीट-1 में 43.65 सेकेंड का सीजन बेस्ट समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया।

हालांकि, सभी हीट के समय को मिलाकर भारत तीसरे स्थान पर रहा। चीन और थाईलैंड उससे आगे रहे। महिला 4×100 मीटर रिले का फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे होगा।

बॉक्सिंग में तीन और पदक पक्के

मुक्केबाजी में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई। अंकुश पंघाल, परवीन और नरेंदर बेरवाल ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही भारत के कम से कम तीन और पदक सुनिश्चित हो गए हैं।

पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल ने ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 से हराया। महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में परवीन ने उज्बेकिस्तान की नवबाखोर खामिदोवा को 5-0 से शिकस्त दी। वहीं, पुरुषों के वर्ग में नरेंदर बेरवाल ने थाईलैंड के अदथापोंग सेंगटेप को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 7-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी अपने अंतिम पूल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। सुनेलिता टोप्पो के दो गोल की मदद से भारत ने पूल बी के मुकाबले में सिंगापुर को 7-0 से करारी शिकस्त दी।

भारत ने पांचों मैच जीतकर पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना कोरिया से होगा। यह मुकाबला 30 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत की ओर से कप्तान सलीमा टेटे (17वें मिनट), सुनेलिता (22वें और 24वें), लालरेमसियामी (26वें), रुतुजा दादासो पिसाल (29वें), निक्की प्रधान (35वें) और दीपिका (55वें मिनट) ने गोल किए।

बैडमिंटन में भारत का अभियान खत्म

बैडमिंटन में हालांकि रविवार का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा और खेल में देश की चुनौती समाप्त हो गई। चार अलग-अलग स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा।

मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी तथा महिला डबल्स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गईं।

महिला एकल में युवा उन्नति हूडा को जापान की दुनिया की नंबर तीन खिलाड़ी अकाने यामागुची के खिलाफ हार मिली। उन्नति ने मुकाबले में कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्णायक गेम में 17-21 से हार गईं।

इसके बाद अनुभवी पीवी सिंधू भी क्वार्टर फाइनल में चीन की विश्व नंबर चार चेन यू फेई से हार गईं। सिंधू को 21-11, 18-21, 10-21 के स्कोर से शिकस्त मिली।

तीरंदाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा

तीरंदाजी में भारत ने कई स्पर्धाओं के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीदें कायम रखी हैं। पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों के अलावा मिक्स्ड रिकर्व और कंपाउंड टीम भी अंतिम चार में पहुंच गई हैं।

कंपाउंड मिक्स्ड टीम में चिकिथा तानिपार्थी और साहिल जाधव ने राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया को 160-146 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 159-154 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

मिक्स्ड रिकर्व में धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोद की जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में यूएई को 6-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने वियतनाम को भी 6-0 से शिकस्त दी और अंतिम चार में प्रवेश किया।

इसके अलावा भारत की पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

सर्फिंग में भी अगले दौर में पहुंचे भारतीय खिलाड़ी

सर्फिंग में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। तीन भारतीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की और अगले दौर में प्रवेश किया।

इस तरह रविवार को भारत ने स्क्वाश और एथलेटिक्स में सात पदक अपने नाम किए, जबकि मुक्केबाजी में तीन और पदक सुनिश्चित किए। हॉकी, तीरंदाजी और सर्फिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अगले चरण में पहुंचकर पदक की उम्मीदें कायम रखी हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H