Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। ग्रुप चरण के तीसरे मुकाबले में भारत ने चार बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत अपने नाम की। भारतीय टीम ने मुकाबले के शुरुआती मिनटों से ही दबाव बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में बढ़त हासिल कर ली।
भारत की ओर से अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए। वहीं शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह और राजिंदर सिंह ने एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया।
पहले क्वार्टर में ही भारत ने बनाई मजबूत पकड़
भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक खेल के साथ की। चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके पांच मिनट बाद सुखजीत सिंह ने गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाकर स्कोर 2-0 कर दिया।
भारतीय हमले लगातार जारी रहे और 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दाग दिया। शुरुआती 11 मिनट में ही भारत 3-0 से आगे हो चुका था। दक्षिण कोरियाई टीम इस दबाव से उबर पाती, उससे पहले 14वें मिनट में अभिषेक ने भारत का चौथा गोल कर दिया।
पहले क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया था।
दूसरे हाफ से पहले ही मैच भारत की मुट्ठी में
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने रफ्तार कम नहीं होने दी। 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। इसके कुछ ही मिनट बाद 32वें मिनट में दिलप्रीत ने एक और गोल दागते हुए अपना दूसरा गोल पूरा किया।
भारत की आक्रामकता का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 38वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल किया और भारत को 7-0 की बड़ी बढ़त पर पहुंचा दिया।
कोरिया ने दो गोल किए, लेकिन वापसी नहीं कर सका
सात गोल से पीछे होने के बाद दक्षिण कोरिया ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की। 42वें मिनट में किम जाएहो ने कोरिया के लिए पहला गोल किया। इसके बाद 52वें मिनट में किम योंगबोक ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 7-2 कर दिया।
हालांकि भारतीय टीम की बढ़त इतनी बड़ी थी कि कोरिया के इन दो गोलों से मैच का रुख नहीं बदला। मुकाबले के अंतिम मिनट में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल कर दिया। इसी के साथ भारत ने 8-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंडोनेशिया और श्रीलंका के बाद कोरिया को भी हराया
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ की थी। भारतीय टीम ने उस मुकाबले में 13-1 की बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ भारत ने 16-1 से एकतरफा मुकाबला जीता।
अब दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराने के साथ भारत ने ग्रुप चरण में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है। तीन मैचों में भारतीय टीम ने कुल 37 गोल किए हैं, जबकि उसके खिलाफ सिर्फ चार गोल हुए हैं।
26 सितंबर को जापान से होगा अगला मुकाबला
ग्रुप चरण में भारत का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा। लगातार तीन जीत के बाद भारतीय टीम की नजरें अब इस मुकाबले में भी अपना विजयी अभियान जारी रखने पर होंगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


