Asian Games 2026: जापान के नागोया में शनिवार, 19 सितंबर को एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत हुई। मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों के शुरू होने की औपचारिक घोषणा की। समारोह में महारानी मासाको, शाही परिवार के सदस्य और खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।
करीब दो घंटे चले कार्यक्रम की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स के नौ सदस्य ध्वज लेकर मंच तक पहुंचे। ध्वजारोहण के बाद स्टेडियम की लाइटें बंद कर दी गईं और स्पॉटलाइट से केवल जापान के राष्ट्रीय ध्वज को रोशन किया गया।
46 टीमों ने किया मार्च पास्ट
उद्घाटन समारोह में 45 देशों के खिलाड़ियों के साथ एशियन ओलंपिक परिषद (OCA) की रिफ्यूजी टीम ने भी मार्च पास्ट किया। कुल 46 टीमों ने परेड में हिस्सा लिया। अफगानिस्तान की टीम सबसे पहले स्टेडियम में पहुंची। चीन 800 से ज्यादा खिलाड़ियों के दल के साथ परेड में शामिल हुआ।
मनु भाकर और पवन सहरावत ने संभाली कमान
भारत की ओर से ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने भारतीय दल की अगुवाई की। दोनों ने नेवी ब्लू ड्रेस में तिरंगा थामकर मार्च पास्ट किया।
पहले एथलीट ताजिंदरपाल सिंह तूर को भारत का ध्वजवाहक बनाया गया था। हालांकि, उन्हें समय पर ऑफिशियल किट नहीं मिल सकी। इसके बाद आखिरी समय में पवन सहरावत को ध्वजवाहक की जिम्मेदारी दी गई।
महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में
एशियन गेम्स की आधिकारिक शुरुआत से पहले कुछ खेलों के मुकाबले शुरू हो चुके थे। महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत अब 20 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेगा।
टेकबॉल में ब्रॉन्ज के लिए उतरेगी क्विम्सी
इस बार एशियन गेम्स में पहली बार टेकबॉल को शामिल किया गया है। भारत की क्विम्सी डी’सूजा सेमीफाइनल में हार गईं। अब वह ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में उतरेंगी, जिससे भारत के पास इस खेल में पदक जीतने का मौका बना हुआ है।
43 खेलों में 469 गोल्ड मेडल दांव पर
एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेंगे। उद्घाटन और समापन समारोह नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में होंगे। इस संस्करण में 45 देशों और एक रिफ्यूजी टीम के करीब 11 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी 43 खेलों में कुल 469 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



