सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के दीनदयाल नगर (डीडी नगर) थाने के मुख्य गेट पर दो बहनों द्वारा आत्मदाह का प्रयास करने और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी झूमाझटकी करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस हाईवोल्टेज ड्रामे और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में पुलिस ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री चेतन टांक सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
दो बहनों ने थाने के बाहर अपने ऊपर डीजल उड़ेला था
शहर के डीडी नगर थाने में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब पारिवारिक विवाद और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट दो सगी बहनों ने थाने के बाहर अपने ऊपर डीजल उड़ेलकर आत्महत्या का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ आरोपियों ने हाथापाई और झूमाझटकी की। इस दौरान थाना प्रभारी अनुराग यादव के गले और हाथों में नाखून से चोटें आईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवतियों के हाथ से माचिस छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि एक युवती ने 8 अक्टूबर को अपने पड़ोसियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने नियमानुसार दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी, जिससे नाराज होकर यह हंगामा किया गया।
थाने में हाईवोल्टेज ड्रामाः कार्रवाई से नाराज दो बहनों ने खुद पर डाला डीजल, टीआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल
भाजपा नेता पर उकसाने का गंभीर आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान भाजपा नेता चेतन टांक और उसके भाई ने मौके पर मौजूद रहकर युवतियों को उकसाया था। वीडियो में उन्हें जोर-जोर से चिल्लाकर “माचिस जला, जला ले” कहते हुए सुना गया है। इस आधार पर पुलिस ने भाजपा नेता चेतन टांक, उसके भाई, दोनों बहनों, उनके पिता और एक अन्य भाई—कुल 6 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment to suicide) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बीजेपी नेता की पिटाई से सनसनीः महिला से छेड़छाड़ के आरोप में भिड़े लोग, पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR
चेतन टांक का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी भाजपा नेता चेतन टांक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 15 से अधिक गंभीर प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखना और जुआ एक्ट जैसे संगीन मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

