अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना केंद्रीय जेल से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जेल के भीतर कैदियों तक गांजा और शराब जैसी प्रतिबंधित सामग्रियां पहुंचाने और इसके एवज में मोटी रिश्वत लेने की कथित बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सामने आने और शुरुआती जांच के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप जमकर शेयर की जा रही है। इस वायरल ऑडियो में जेल के अंदर बंद कैदियों तक नशीले पदार्थ (गांजा और शराब) पहुंचाने की पूरी ‘प्लानिंग और डील’ सुनाई दे रही है। ऑडियो में कथित तौर पर 100 ग्राम और 25 ग्राम गांजा के साथ-साथ शराब की बोतल जेल के अंदर पहुंचाने की बात हो रही है। इस काम के एवज में संबंधित व्यक्ति के लिए 5-5 हजार रुपये (कुल 10 हजार रुपये) की व्यवस्था करने का जिक्र किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: SECL के चार अधिकारियों को जेल: CBI की विशेष कोर्ट ने सुनाई चार-चार साल की सजा, जानें क्या है मामला
मोबाइन नंबर का जिक्र
बातचीत के दौरान एक मोबाइल नंबर (9303476507) का भी उल्लेख आता है, जिसे जांच के दौरान पुलिस विभाग के एएसआई से जोड़ा गया। रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति बड़ी ही बेबाकी से जेल के भीतर मादक पदार्थ सुरक्षित तरीके से पहुंचाने की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है। ऑडियो वायरल होते ही पुलिस मुख्यालय और जेल प्रशासन दोनों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था और जेल नियमावली की धज्जियां उड़ते देख वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया।
ASI से जुड़े तार, निलंबन की गिरी गाज
शुरुआती तस्दीक और जांच में ऑडियो में शामिल नंबर और बातचीत के तार एएसआई राजेंद्र चौधरी से जुड़ते पाए गए। ड्यूटी में घोर लापरवाही, पद के दुरुपयोग और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने पर उच्च अधिकारियों ने ASI राजेंद्र चौधरी को सस्पेंड कर दिया है।
ये भी पढ़ें: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 8 IPS का तबादला, 66 अफसरों को किया इधर से उधर, विधायक प्रीतम लोधी से विवाद के बाद अफसर का प्रमोशन
जेल की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
सतना सेंट्रल जेल जैसी संवेदनशील जगह पर जहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां इस तरह गांजे और शराब की होम डिलीवरी की बात सामने आना जेल प्रशासन की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद से जेल स्टाफ और पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है। पुलिस अब एएसआई के कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि इस रैकेट की पूरी कमान किसके हाथ में थी, इसका पर्दाफाश किया जा सके।

