अयोध्या. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य और श्री पंच निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेन्द्र दास ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर उन खबरों का खंडन किया, जिनमें उन्हें अखाड़े से निष्कासित किए जाने का दावा किया गया था. उन्होंने स्पष्ट कहा कि 5 जुलाई को दिल्ली में हुई कथित बैठक में उनके खिलाफ लिया गया कोई भी निर्णय वैध नहीं है और उनके निष्कासन की खबर पूरी तरह निराधार है.
इसे भी पढ़ें-किसानों को कोई… खाद की उपलब्धता को लेकर सूर्य प्रताप शाही का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कह गए कृषि मंत्री?
’19 में से 13 पंच मेरे साथ’
महंत दिनेन्द्र दास ने कहा कि श्री पंच निर्मोही अखाड़े में कुल 19 पंच हैं, जिनमें से 13 पंच उनके समर्थन में हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी कारणों और व्यक्तिगत हितों के चलते उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और अखाड़े को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सत्य सामने आएगा और अखाड़े की परंपराओं के अनुरूप ही सभी निर्णय होंगे.
22 जुलाई को होगी राम जन्मभूमि ट्रस्ट की अहम बैठक
महंत दिनेन्द्र दास ने बताया कि 22 जुलाई को दोपहर 3 बजे मणिरामदास छावनी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी. बैठक में ट्रस्ट के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे. इस दौरान ट्रस्ट के तीन रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी.
दान, सुरक्षा और मंदिर प्रबंधन पर होगा मंथन
उन्होंने बताया कि बैठक में राम मंदिर में आने वाले दान की काउंटिंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा. महंत दिनेन्द्र दास ने कहा कि ट्रस्ट की बैठक में जो भी निर्णय सर्वसम्मति या नियमानुसार लिया जाएगा, उसका सभी सदस्य सम्मान करेंगे और उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने अपील की कि राम मंदिर और निर्मोही अखाड़े से जुड़े मामलों में अपुष्ट खबरों पर विश्वास न किया जाए. उनका कहना था कि मंदिर और अखाड़े की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी से बचना चाहिए.


