हेमंत गुर्जर, बागली। देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुरा से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। यहां खून के रिश्ते पर चंद रुपयों का लालच इस कदर हावी हुआ कि एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जन्म देने वाली मां को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मौत की वजह सिर्फ इतनी थी कि मां ने हाड़-तोड़ मेहनत कर जो तेंदुपत्ता संग्रहण की राशि जुटाई थी जिसे लालची बेटा छीनना चाहता था।

ये भी पढ़ें: 60 लाख फॉलोअर्स वाले सोशल मीडिया स्टार हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने दिया इस्तीफा, सस्पेंशन के बाद लिया बड़ा फैसला

तेंदूपत्ता के पैसों की भूख… और ममता का अंत

जानकारी के अनुसार, ग्राम नरसिंहपुरा निवासी 50 वर्षीय सावित्रीबाई ने जंगलों में भटककर कड़ी धूप में मेहनत करके तेंदूपत्ता इकट्ठा किया था ताकि कुछ पैसे जोड़कर घर का गुजर-बसर हो सके। लेकिन उसके अपने ही बेटे सुनील की नजर उन पैसों पर टिकी थी। पैसों के इसी लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। पैसों की भूख में अंधा हो चुका सुनील इस कदर हैवान बना कि उसने अपनी मां पर बेरहमी से हमला कर दिया। उसने मां को तब तक पीटा जब तक कि वह लहूलुहान होकर गिर नहीं गई। उसके सिर पर आई गंभीर चोटों की वजह से तेजी से खून बहने लगा।

तड़पती रही मां, रातभर तमाशबीन बना रहा बेटा

ममता को शर्मसार करने वाली बात यह रही कि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल सावित्रीबाई दर्द से तड़पती रही लेकिन आरोपी बेटे का दिल नहीं पसीजा। उसने रातभर अपनी मां को तड़पने के लिए छोड़ दिया और उसका इलाज तक नहीं कराया। समय पर इलाज न मिलने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण आखिरकार उस बेबस मां ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। सुबह जब इस खौफनाक वारदात की भनक लगी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

ये भी पढ़ें: इंदौर के इंजीनियर भोपाल के आदेश पर भारी पड़े! हाईकोर्ट से मिली राहत, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विभाग को बड़ा झटका

आरोपी बेटा गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुंचा कलयुगी सुनील

घटना की सूचना मिलते ही उदयनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उदयनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सुनील के खिलाफ हत्या का संगीन मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है लेकिन इस घटना ने पूरे नरसिंहपुरा गांव को सन्न कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m