बहराइच. उत्तर प्रदेश के बहराइच से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महसी तहसील के टिकुरी गांव में 14 वर्षीय सुनील को घाघरा नदी किनारे शौच के दौरान एक घड़ियाल ने अपना शिकार बना लिया. बताया जा रहा है कि बच्चा अनाथ था और नदी किनारे गया था, तभी घड़ियाल उसे पानी में खींच ले गया.

चीख सुनकर दौड़े चाचा, लेकिन नहीं बचा सके

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुनील की चीख सुनकर उसके चाचा मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन घड़ियाल बच्चे को गहरे पानी में ले गया. इसके बाद घड़ियाल लंबे समय तक बच्चे को मुंह में दबाए नदी में घूमता रहा. यह मंजर देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की रूह कांप गई.

इसे भी पढ़ें- यूपी वालों को लगने वाला है तगड़ा झटका! बढ़ सकता है हाउस टैक्स; 15 साल बाद नई दरों की तैयारी

रेस्क्यू टीम की भूमिका पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि किसी ने नदी में उतरकर बच्चे को बचाने का प्रयास नहीं किया. सैकड़ों लोगों के सामने घड़ियाल नदी में घूमता रहा, जबकि रेस्क्यू टीम किनारे पर ही खड़ी रही. इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है.

इसे भी पढ़ें- कानून के घर देर है, अंधेर नहीं… हत्या के 15 साल बाद कोर्ट ने 2 आरोपियों को सुनाई सजा, जानिए फसाद से लेकर खूनी वारदात की वजह

ग्रामीणों में गुस्सा, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि जब आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू टीमें लोगों की जान बचाने के लिए बनाई गई हैं, तो ऐसे हादसों में तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की जाती. घटना के बाद लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और बेहतर रेस्क्यू व्यवस्था की मांग की है.