अनूप मिश्रा, बहराइच. जनपद के फखरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसरामपुर दुनिया गांव में स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है. ग्रामीणों का आरोप है कि नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली का बिल कई गुना बढ़कर आ रहा है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है. स्थानीय निवासी रईस अहमद ने विरोध जताते हुए कहा कि उनके घर में केवल एक फ्रिज, कुछ पंखे और लाइटें ही चलती हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद मात्र दो महीने का बिल 8 हजार रुपये आया है.

अहमद ने बताया कि पुराने मीटर के समय बिल सामान्य आता था, लेकिन अब बिना किसी अतिरिक्त उपयोग के बिल में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी हो रही है. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें बिना पूरी जानकारी दिए मीटर बदल दिए. स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली कटौती की समस्या भी बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय करीब 8 घंटे बिजली गायब रहती है और सुबह 4 बजे के करीब आपूर्ति बहाल होती है.

इसे भी पढ़ें : पुलिस से बच के कहां जाओगे… ट्रिपल मर्डर केस के दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, अब जेल में पीसेंगे चक्की

बैलेंस खत्म होते ही कट जाता है कनेक्शन

रईस अहमद और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बैलेंस न होने की स्थिति में तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से स्मार्ट मीटरों की जांच कराने और बढ़े हुए बिलों में राहत देने की मांग की है.