अनूप मिश्रा, बहराइच. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है. बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं.
सीमा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देशन में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के अभियान के तहत की गई. थाना रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की 42वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने 20 जुलाई 2026 को पिलर संख्या 651/11 के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोच लिया.
35 ग्राम स्मैक समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इसरान खान (43 वर्ष) निवासी बसीरगंज, थाना कोतवाली नगर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से 35 ग्राम अवैध स्मैक, 200 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक प्रेस आईडी, एक वीवो मोबाइल फोन व यामाहा MT-15 मोटरसाइकिल (UP40BD2908) बरामद की गई है.
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रुपईडीहा में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और बरामद मोबाइल सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- Ayodhya News: क्या सच में निर्मोही अखाड़े से बाहर हुए महंत दिनेन्द्र दास? प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया बड़ा खुलासा
बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं. सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण जांच एजेंसियां तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.


