Bangladesh Players Troll Mohammad Rizwan: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम ने पाकिस्तान को दोनों मुकाबलों में हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। इस बीच सीरीज के अंतिम मुकाबले के दौरान पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास के बीच मैदान पर जमकर जुबानी जंग देखने को मिली। अब इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बांग्लादेशी खिलाड़ी रिजवान की बल्लेबाजी शैली और हरकतों पर तंज कसते हुए उन्हें ‘बॉलीवुड’ जाने की सलाह दे रहे हैं।

साइड स्क्रीन को लेकर शुरू हुआ था विवाद

यह पूरा वाकया सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का है, जब मोहम्मद रिजवान क्रीज पर टिककर पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान रिजवान को साइड स्क्रीन के पास किसी की आवाजाही से आपत्ति हुई, जिसकी शिकायत उन्होंने अंपायर से की। मामला तब बढ़ गया जब रिजवान बार-बार अपना स्टांस लेकर हटने लगे। रिजवान की इस हरकत से विकेट के पीछे खड़े बांग्लादेशी कीपर लिटन दास का पारा चढ़ गया और उन्होंने रिजवान पर समय बर्बाद करने का आरोप लगाया।

स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई मजेदार ट्रोलिंग

दोनों खिलाड़ियों के बीच बढ़ती बहस को देख मैदानी अंपायरों को बीच-बचाव करने के लिए आना पड़ा। इस दौरान लिटन दास को अपने साथी खिलाड़ियों का पूरा साथ मिला। स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई बातचीत के अनुसार, बांग्लादेशी खिलाड़ी रिजवान को ट्रोल करते हुए आपस में कह रहे थे:

“टीम में अब इसकी जगह पक्की है। देखना अब कैसे एक्टिंग करता है।”

तभी दूसरे खिलाड़ी ने तंज कसा:

“एक्टिंग के लिए यह बॉलीवुड जाएगा, मगर वहां इसे कोई नहीं लेगा।”

बात यहीं नहीं रुकी, सोशल मीडिया पर मशहूर मीम का जिक्र करते हुए तीसरे खिलाड़ी ने कहा:

“इसके ओवरएक्टिंग के 50 पैसे कटेंगे।”

देखें VIDEO

बांग्लादेश ने 78 रनों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

मैच की बात करें तो पाकिस्तान को जीत के लिए 437 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 358 रन पर ऑलआउट हो गई और बांग्लादेश ने 78 रन से जीत दर्ज कर ली। रिजवान ने संघर्ष करते हुए 94 रन बनाए, जबकि सलमान आगा ने 71 रन की पारी खेली, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज 2-0 से अपने नाम की।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H