बरेली. बरेली एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. इंडिगो एयरलाइंस ने कनेक्टिंग फ्लाइट्स का नया शेड्यूल जारी कर दिया है. अब यात्री बरेली से ही एक टिकट पर देश के कई बड़े शहरों के साथ-साथ दुबई और चीन के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे. हालांकि इन गंतव्यों तक यात्रा कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए दिल्ली या जेवर एयरपोर्ट से होगी.
इसे भी पढ़ें- ‘हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है…’, बिजनौर में गरजे CM योगी, कहा- हमारी सरकार ने प्रदेश को माफिया मुक्त बनाया
दिल्ली और जेवर के जरिए मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
हवाई अड्डा निदेशक अवधेश अग्रवाल के अनुसार, बरेली से दिल्ली (IGI) और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट तक उड़ानें पहले से संचालित हो रही हैं. इसके बाद यात्री वहां से अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर देश और विदेश के विभिन्न शहरों तक पहुंच सकेंगे. इस सुविधा से यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगी.
इन शहरों के लिए होगी टिकट बुकिंग
नई व्यवस्था के तहत यात्री बरेली से हैदराबाद, चेन्नई, पटना, रांची, जयपुर, शिरडी, वडोदरा और चंडीगढ़ जैसे शहरों के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुबई और चीन के ग्वांगझोउ के लिए भी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे. अलग-अलग रूट पर ट्रांजिट समय 45 मिनट से लेकर करीब 4 घंटे तक रहेगा.
इसे भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना में यूपी ने मारी बाजी, महाराष्ट्र को पछाड़ देश में दूसरे स्थान पर पहुंचा
व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को मिलेगा फायदा
इस नई सुविधा का सबसे अधिक लाभ व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाने वाले मरीजों को मिलेगा. अब उन्हें अलग-अलग टिकट बुक कराने या बड़े शहरों के एयरपोर्ट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी. इससे बरेली मंडल की हवाई कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है. फिलहाल बरेली से जेवर एयरपोर्ट के लिए सप्ताह में चार दिन और दिल्ली के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ानें संचालित की जा रही हैं.

