बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर में 1003 करोड़ से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। अपने संबोधन में उन्होंने कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक सौहार्द का जिक्र करते हुए कहा कि “हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है।

प्रदेश को दंगा और कर्फ्यू मुक्त बनाया

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की राजनीति समाज को बांटने, दंगे और अराजकता फैलाने की रही है, जबकि उनकी सरकार किसानों, विकास और सुशासन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों को दंगायुक्त, गुंडायुक्त, अपराध और माफिया युक्त बिजनौर चाहिए था, उन्हें आज का उत्तर प्रदेश पसंद नहीं आएगा। हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है। इसलिए हमारी सरकार ने गन्ना किसानों का भुगतान कराया, गन्ने का मूल्य बढ़ाया, प्रदेश को दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और माफिया मुक्त बनाया।

READ MORE: इटावा का सुमेर सिंह किला बनेगा ईको-टूरिज्म हब, 1.44 करोड़ की परियोजना से मिलेगा नया स्वरूप

पहले कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। गन्ना किसानों का वर्षों तक भुगतान नहीं होता था, युवा पलायन को मजबूर थे और अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने 2016 में बिजनौर में एनआईए के एक डिप्टी एसपी और उनकी पत्नी की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। इसी वजह से आज प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और विकास की नई परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

READ MORE: कहीं चोरी छिपाने की साजिश तो नहीं! जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई को लेकर अजय राय ने साधा निशाना, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कह दी बड़ी बात

मुख्यमंत्री ने धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारें कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहती थीं, इसलिए कांवड़ यात्रा, श्रीराम नवमी शोभायात्रा, जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण है, इसलिए कांवड़ यात्रा सहित सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो रहे हैं।

READ MORE: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को लेकर AAP का सरकार पर हमला, संजय सिंह बोले- शिक्षा संस्थानों को निशाना बना रही भाजपा

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में बांग्लादेश में हिंदुओं और दलितों पर हो रहे कथित अत्याचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और योगेंद्र नाथ मंडल का उदाहरण देते हुए कहा कि इतिहास से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बाबा साहब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन समाज को जाति के आधार पर बांटने का काम करते हैं।

READ MORE: ‘मैं पाल समाज की बेटी और भाजपाई हूं’, अखिलेश यादव को BJP विधायक पूजा पाल का करारा जवाब, सपा ने भी किया पलटवार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास, किसान कल्याण, बेहतर कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कार्य करने की इच्छाशक्ति होती है तब कार्य होता है, जो लोग बिजनौर ही नहीं आना चाहते थे, बिजनौर को अपशकुन मानते थे। बबुआ तो 12 बजे सो करके उठते थे,2 बजे तक तैयार होते थे, फिर कुछ खा-पीकर के फिर उनके जिम जाने का समय हो जाता था, फिर उनकी अपनी मंडली बैठ जाती थी, तो जनता से मिलने की फुर्सत कहां थी?

उन्होंने कहा कि जनता से मिलने के लिए समय पर जगना होगा, जनता के बीच में जाना होगा, उनकी समस्याओं को सुनना होगा, जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाना होगा और इस प्रकार के कार्यक्रमों के साथ आकर के अपने अपशकुन का दोषी बिजनौर जैसी पवित्र धरती पर नहीं थोपना होगा, तब जाकर के परिवर्तन होगा।