लखनऊ. उत्तर प्रदेश की सियासत में सोशल मीडिया पर जुबानी जंग तेज हो गई है. कौशांबी की चायल विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर खुला जवाब दिया है. पूजा पाल ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह पाल समाज की बेटी हैं और ऐसी पार्टी में हैं, जहां एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है.

इसे भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर की तैयारी, तंजीन फातिमा ने पुलिस वालों को भगाया, बोलीं- 15 दिन का समय था, फिर पुलिस क्यों बैठा दी?

‘मेरी क्षमता तय करेगी मैं कहां तक पहुंचूंगी’

पूजा पाल ने लिखा कि अखिलेश यादव ने उनसे पूछा था कि उन्हें बीजेपी में क्या मिला? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, मैं उस पार्टी में हूं, जहां मेरी क्षमता तय करेगी कि मैं विधायक, सांसद, मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बन सकती हूं. उन्होंने इसे बीजेपी की अवसर देने वाली राजनीति बताया.

सपा पर साधा निशाना

बीजेपी विधायक ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा में अतीक, मुख्तार, आजम और सैफई परिवार के अलावा किसी का भविष्य नहीं था और न होगा. उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है.

सपा का पलटवार

पूजा पाल के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को पता है कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, ब्राह्मण, किसान और गरीब वर्ग उससे दूर हो रहा है, इसलिए ओमप्रकाश राजभर और पूजा पाल जैसे पिछड़े वर्ग के नेताओं को आगे कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है.

आरक्षण और पिछड़ों के मुद्दे पर भी वार

सपा प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी पिछड़ों के आरक्षण और अधिकारों पर जवाब देने से बच रही है. उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा वर्ग अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है और आने वाले समय में प्रदेश में बदलाव होगा.

इसे भी पढ़ें- ‘सपा-कांग्रेस जिन्ना के उपासक, मौका मिला तो… CM योगी का तीखा हमला, जानिए दोनों दलों को लेकर ऐसा क्या कहा?

बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच यह बयानबाज़ी ऐसे समय हो रही है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे धीरे तेज होती जा रही हैं. दोनों दल सामाजिक समीकरणों और पिछड़े वर्ग के वोट बैंक को साधने की रणनीति पर खुलकर बयान दे रहे हैं.