Bastar News Update: जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस की बहाली को लेकर बस्तर में एक बार फिर नाराजगी सामने आई है। कोरोना काल में बंद हुई यह ट्रेन अब तक शुरू नहीं हो सकी है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

लोगों का कहना है कि ट्रेन बंद होने से रायपुर और दुर्ग तक यात्रा महंगी हो गई है, क्योंकि बसों में किराया 800 से 900 रुपये तक पहुंच गया है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से ट्रेन सेवा जल्द शुरू कराने की मांग की है।

narayana

भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, बढ़ी खपत से ट्रिपिंग और कटौती जारी

बस्तर में तेज गर्मी के बीच बिजली की मांग में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विद्युत कंपनी के अनुसार इस बार खपत लगभग 24 प्रतिशत तक बढ़ी है, जिससे सिस्टम पर भारी दबाव है।

इसके चलते ट्रिपिंग, फॉल्ट और अचानक बिजली गुल होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रह रही है। गर्मी के कारण पंखे, कूलर और एसी के लगातार उपयोग से लोड बढ़ गया है, लेकिन मेंटेनेंस व्यवस्था उतनी मजबूत नहीं दिख रही। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग परेशान हैं, खासकर रात के समय बिजली कटौती से नींद प्रभावित हो रही है।

लापरवाही से सड़ने लगा धान… किसानों में नाराजगी

बस्तर। जिले के नियानार और बिरिंगपाल संग्रहण केंद्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया धान खुले आसमान के नीचे पड़ा-पड़ा खराब हो रहा है। बेमौसम बारिश और तेज धूप ने धान की गुणवत्ता पूरी तरह बिगाड़ दी है। कई बोरियों में धान अंकुरित होने लगा है और बड़ी मात्रा में धान काला पड़ चुका है, जिसके चलते मिलर्स ने भी इसे लेने से इनकार कर दिया है।

मार्कफेड के निर्देशों के बावजूद समय पर धान का उठाव नहीं हो सका, जिससे हालात बिगड़ते चले गए। प्रशासन अब खराब हो चुके धान को नीलामी के जरिए हटाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि उठाव में देरी के कारण यह स्थिति बनी। किसानों का कहना है कि उनकी महीनों की मेहनत इस लापरवाही की भेंट चढ़ गई है।

3 दिन से लापता युवक का जंगल किनारे मिला क्षत-विक्षत शव

जगदलपुर। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन दिनों से लापता युवक का शव जंगल किनारे संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। मृतक की पहचान प्रवीण वार्ड निवासी जावा नाग के रूप में की गई है। शव की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत थी और उसे आवारा कुत्तों द्वारा बुरी तरह नोचे जाने के निशान मिले हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति ने सुनसान इलाके में शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत पहले हुई थी और बाद में कुत्तों ने शव को नोचा, या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण कई सवाल खड़े हो गए हैं।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

‘हर घर जल’ योजना अधूरी, पाइपलाइन और टंकी बनी लेकिन पानी अब भी नहीं पहुंचा

बस्तर। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं कागजों में तेजी से आगे बढ़ती दिख रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। कई गांवों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और टंकियां भी तैयार हैं, लेकिन आज तक घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है।

लोहण्डीगुड़ा के मांदर गांव समेत कई क्षेत्रों में ग्रामीणों को अभी भी हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। एक ही हैंडपंप पर दर्जनों परिवार पानी भरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदारों ने अधूरा काम छोड़ दिया है, जबकि कई जगह पानी का स्रोत तक सुनिश्चित नहीं किया गया है। बरसात नजदीक आने के साथ स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

शिक्षक की संदिग्ध मौत के बाद भड़का जनआक्रोश

बस्तर। पालनार के शिक्षक राजू पुजारी की संदिग्ध मौत अब व्यापक जनआक्रोश का रूप ले चुकी है। तेलंगा समाज के नेतृत्व में हजारों ग्रामीणों ने मिनी स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकाली, जिसमें पूरे रास्ते न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी होती रही।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम हैं, उनके खिलाफ अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। रैली में सर्व आदिवासी समाज सहित कई सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया। शहर के प्रमुख मार्गों पर घंटों जाम जैसी स्थिति रही। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की मांग की गई है, साथ ही न्यायिक जांच, 50 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

सड़क हादसे में MBBS छात्र की मौत, तीन दिन की जंग के बाद तोड़ा दम

जगदलपुर। डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र की सड़क दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को वह दोस्तों के साथ पिकनिक से लौट रहा था, तभी अचानक आए आंधी-तूफान के कारण दृश्यता कम हो गई और बाइक ट्रक से टकरा गई।

हादसा इतना भीषण था कि पीछे बैठी छात्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक छात्र राजनांदगांव का निवासी था और डॉक्टर बनने का सपना लेकर हाल ही में मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। तीन दिन तक इलाज के बाद बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी सामान जब्त और कई खामियां उजागर

बस्तर। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग के औचक निरीक्षण अभियान में कई दुकानों और कैंटीनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। अभियान के दौरान अस्पताल कैंटीन, ढाबों और किराना दुकानों की जांच की गई।

निरीक्षण में कई स्थानों पर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिले, वहीं पानी की जांच रिपोर्ट भी अनुपस्थित पाई गई। नैमेड़ क्षेत्र की दुकानों से एक्सपायरी मिठाइयां और बिस्कुट जब्त किए गए और उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को खाद्य अनुज्ञप्ति अपडेट रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी है।

लोक अदालत की तैयारियां तेज, आपसी समझौते से सुलझेंगे पुराने विवाद

जगदलपुर। जिला न्यायालय जगदलपुर में नेशनल लोक अदालत को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। न्यायिक अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं की बैठक में लंबित मामलों के अधिक से अधिक निपटारे पर जोर दिया गया है।

चेक बाउंस, बीमा, मोटर दुर्घटना और लेन-देन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। पक्षकारों को आपसी समझौते के जरिए विवाद खत्म करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोक अदालत में निपटारे के बाद मामलों को आगे चुनौती नहीं दी जा सकेगी, जिससे वर्षों पुराने विवादों के समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H